मनु के स्वागत को गांव में युवाओं ने खुद की सफाई
शूटिंग खेल में भारत की गोल्डन गर्ल के नाम से मशहूर हुई 16 साल की मनु भाकर आज अपने गांव गोरिया आएगी। उसके स्वागत के लिए गांव के लोग उत्साहित हैं। युवा क्लब ने मनु का सम्मान करने करने के लिए अनूठा तरीका अपनाया।
क्लब से जुड़े युवाओं ने गांव की मुख्य गलियों की साफ-सफाई कर संदेश दिया कि जब मनु देश को गोल्ड दिला सकती है तब हम उसके गांव को साफ सुथरा क्यों नहीं रख सकते? इसी प्रेरणा के साथ गांव के पहल युवा क्लब ने गांव के जोहड़ के पास, खानुपर मार्ग बस अड्डा और गांव की फिरनी की साफ-सफाई की। वहीं, युवाओं की टोली ने ट्रैक्टर-ट्राली और जेसीबी से व्यवस्था को दुरुस्त किया। यह मशीनरी उन्हें ग्राम पंचायत ने मुहैया कराई है। सफाई कार्य में सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार, वार्ड सदस्य राजेश व जयवीर का सहयोग रहा। पहल युवा क्लब के अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि क्लब से जुड़े सदस्य इससे पूर्व भी सफाई अभियान चलाते आए हैं। अब जब गांव की बेटी मनु आ रही है और उसके सम्मान में देश भर से प्रबुद्ध लोग आएंगे। लिहाजा रविवार को गांव के कई स्थानों पर सफाई की गई। ताकि मनु का गांव गंदा नहीं दिखे। आगामी दिनों में भी गांव में सफाई अभियान जारी रहेगा।
झज्जर. गोरिया गांव में जेसीबी और ट्रैक्टर से सफाई करते हुए युवा।
पिता बोले, स्कूल में होगा समारोह
मनु भाकर के पिता रामकिशन भाकर ने बताया कि मनु रविवार को स्वदेश आ गई थी। वह दादरी में अपनों के बीच पहुंची और सोमवार को गांव गोरिया घर आएगी। यहां उसका उसके स्कूल गोरिया में सम्मान समारोह होगा। इसकी पूरी तैयारियां कर ली है। स्कूल स्टाफ और बच्चे भारत का मान बढ़ाने वाली मनु से मिलने के लिए उत्साहित हैं। इस दौरान विभिन्न खेल सामाजिक और राजनीतिक संगठन से जुड़े लोग मनु का सम्मान करेंगे।
सांसद दीपेंद्र व हुड्डा भी आएंगे गोरिया गांव
मनुुुु का सम्मान करने के लिए क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और इनेलो के प्रतिपक्ष के नेता अभय चौटाला १६ अप्रैल को गोरिया गांव आएंगे। वहीं, मनु की उपलब्धि से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। गांव के लोग उसका इंतजार कर रहे हैं।