दाे माह से अदालत से वांछित चल रहा आरोपी पकड़ा
साल्हावास | झज्जर पुलिस ने वांछित उद्घोषित आरोपी को पकड़ा है। यह आरोपी पिछले काफी समय से फरार चल रहा था। थाना प्रबंधक साल्हावास निरीक्षक सतबीर सिंह ने बताया कि एसएसपी बी. सतीश बालन के दिशा निर्देशानुसार वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चौकी प्रभारी सासरौली की टीम ने गांव बहु के एरिया से गांव बहु निवासी रतनलाल काे पकड़ा है, जो झज्जर पुलिस का वांछित उद्घोषित आरोपी है। थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरेआम सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करते पकड़े जाने पर आबकारी अधिनियम के तहत वर्ष 2016 में मामला थाना साल्हावास में दर्ज है। अदालत ने इसे फरवरी 2018 में उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। पकड़े गया वांछित उद्घोषित आरोपी के खिलाफ थाना साल्हावास में केस दर्ज किया है। लिखापढ़ी के बाद इसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।