कंबाइन की चपेट में आने से जज के गनमैन व मौसेरे भाई की मौत
कंबाइन मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक मृतक पुलिस का कर्मचारी था तो दूसरा उसका मौसेरा भाई फौज में सेवारत था। यह हादसा कुलाना-हेलीमंडी मार्ग पर हुआ। पुलिस ने कंबाइन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। रेवाड़ी पुलिस में सेवारत लुहारी गांव निवासी 29 वर्षीय अमरपाल पुत्र गुलाब सिंह किसी कार्य से बाइक पर परिवार के सदस्य अजीत उर्फ जयंती पुत्र जगबीर सिंह के साथ हेलीमंडी जा रहा था। कुलाना-हेलीमंडी मार्ग पर सामने से आ रही कंबाइन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक समेत कंबाइन के अगले हिस्से में जा फंसे और कंबाइन के साथ काफी दूर तक घिसटे जिसमें अमरपाल व अजीत को गहरी चोटें आई। हादसा देख मौके पर रुके लोगों ने बाइक सवार दोनों घायलों को किसी तरह निकाला और अन्य राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में इनकी पहचान अमरपाल व अजीत के रूप में हुई। बताया जाता है कि अमरपाल के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वह 3 बहनों का इकलौता भाई था। अमरपाल रेवाड़ी पुलिस में सेवारत होकर रेवाड़ी सेशन जज के गनमैन के तौर पर ड्यूटी दे रहा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। अजीत सिंह भी फौज में सेवारत था।