बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले पुलिस कर्मचारियों के होंगे चालान : एसएसपी
झज्जर | झज्जर के प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन द्वारा जिला के सभी थाना प्रबंधकों, अपराध जांच शाखा झज्जर, बहादुरगढ़ व सभी चौकी प्रभारियों की बैठक मंगलवार को ली। एसएसपी बी सतीश बालन ने सड़क सुरक्षा नियमों की पालना को सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश देते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोमवार से झज्जर जिला में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चलाते पुलिस कर्मचारियों पर विशेष निगाह रखी जाए। वाहन चैकिंग के दौरान यदि कोई पुलिस कर्मचारी बिना हेलमेट लगाए दुपहिया वाहन चलाते हुए पाया जाए अथवा यातायात नियमों की उल्लंघना करता हुआ पाया जाए तो नियमानुसार उसका चालान किया जाए। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करते पाए जाने पर पुलिस कर्मचारी के खिलाफ चालान के साथ-साथ विभागीय कार्यवाही भी करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी ने आपसी विवादों व लड़ाई झगड़े के मामलों की रोकथाम करने तथा कम्युनिटी लाइजनिंग पर विशेष निगाह रखने के निर्देश दिए।
झज्जर. मीटिंग करते एसएसपी बी सतीश बालन