नप और ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-6 से हटाया अतिक्रमण, 10 चालान किए
बहादुरगढ़. झज्जर रोड पर अतिक्रमणकारियों के चालान काटती नप की टीम।
भास्कर न्यूज | बहादुरगढ़
नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से मंगलवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सबसे पहले ट्रैफिक पुलिस और नप के अधिकारी अतिक्रमण हटाओ दस्ते के साथ सेक्टर-6 की पुलिया और सब्जी मंडी के पास पहुंचे तो हड़कंप मच गया। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। यहां सड़क किनारे सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी संचालकों का सामान जब्त करना शुरू कर दिया। इसके बाद टीम के सदस्य सब्जी मंडी के पास पहुंचे और यहां भी झज्जर रोड व अन्य सड़कों सामान रखे बैठे दुकानदारों का सामान जब्त किया। अधिकारियों ने 10 अतिक्रमणकारियों के चालान भी किए गए। साथ ही एक-एक हजार रुपए का जुर्माना किया। कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। उधर, सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी ने बताया कि सब्जी मंडी के पास और सेक्टर-6 की पुलिया के पास अतिक्रमण हटाया गया है। एक-एक हजार रुपए के 10 चालान भी किए गए हैं। जाम के मद्देनजर अतिक्रमण हटाया गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।