रिश्वत के आरोपी एसडीओ और ड्राइवर एक वर्ष बाद गिरफ्तार
बिजली कनेक्शन के लिए पंप मालिक से 40 हजार रुपए मांगने का आरोप
भास्कर न्यूज | झज्जर
बिजली कनेक्शन की एवज में झज्जर में एक पेट्रोल पंप मालिक से 40 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोपी एसडीओ को करीब एक साल बाद पुलिस ने पकड़ा है। अब तक एसडीओ के खिलाफ जांच ही लंबित चली आ रही थी। पुलिस ने सबूत मिलने पर अब यमुनानगर में कार्यरत आरोपी एसडीओ को उसके ड्राइवर के साथ पकड़ लिया।
उप पुलिस अधीक्षक झज्जर अजमेर सिंह ने बताया कि बिजली निगम के एक्सईएन द्वारा दी गई शिकायत पर थाना झज्जर में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार व बिजली अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2017 में दी गई शिकायत के मुताबिक झज्जर-बादली रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप मालिक से तत्कालीन एसडीओ सुरेश कुमार व अनुबंध आधार पर कार्यरत ड्राइवर अनिल कुमार निवासी बोडिया ने 40 हजार रुपए रिश्वत के लिए थे। इस संबंध में शिकायत मिलने पर बिजली निगम के उच्चाधिकारियों की विशेष टीम द्वारा जांच की गई थी। इसमें उपरोक्त एसडीओ व उनका चालक भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी पाए गए थे। अब इस मामले में सोनीपत के गांव नैना निवासी एसडीओ सुरेश को गिरफ्तार किया गया है। सुरेश अब यमुनानगर में एसडीओ है। वहीं, झज्जर के बोडिया का ड्राइवर अनिल भी काबू किया है।
दोनों को भेजा जेल
डीएसपी झज्जर अजमेर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने बिजली निगम के एसडीओ सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।