अपने आसपास रखें साफ-सफाई और स्वस्थ रहें
मातनहेल खंड के बीड़ छुछकवास गांव में बुधवार को स्वच्छ भारत पर्व मनाया गया। सरकार की ओर से शुरू किए गए ग्राम स्वराज अभियान के तहत इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सोनल गोयल ने किया। इस मौके पर कहा कि स्वच्छता कार्यक्रम जन अभियान का रूप ले चुका है। आमजन स्वच्छता के बारे में जागरूक हो चुके हैं।रा ग्रामीण व शहरी क्षेत्र पहले ही खुले में शौच मुक्त हो चुका है। स्वच्छता के प्रति एक कदम और आगे बढ़ाते हुए ओडीएफ प्लस कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें सभी से सहयोग अपेक्षित है। इस अवसर पर उपायुक्त की अगुवाई में गांव में स्वच्छता रैली निकाली गई। साथ ही स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं, सफाई अभियान चलाया। उपायुक्त ने कहा कि अपने आसपास साफ-सफाई रखें, बीमारी भगाएं, स्वस्थ रहें। दूसरे को भी इसकी महत्ता बताएं। इस मौके पर अधिकारियों, ग्रामीणों व महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए डीसी ने दिए निर्देश
उपायुक्त सोनल गोयल ने कहा कि जिले को ओडीएफ बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार और सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को प्रभावी ढंग लागू किया जा रहा है। बीड़ छुछकवास का लिंगानुपात भी सुधर कर 914 तक पहुंचा है। खुशी की बात है कि कई गांवों में बेटों से ज्यादा बेटियों ने जन्म लिया है। हमारा लक्ष्य जिले का लिंगानुपात का शत-प्रतिशत करना है। जिन गांवों में लिंगानुपात की स्थिति ठीक नहीं है, उन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
झज्जर. ग्राम स्वराज अभियान के तहत मातनहेल खंड के बीड़ छुछकवास में स्वच्छ भारत पर्व कार्यक्रम के दौरान गांव की गलियों में सफाई करतीं डीसी सोनल गोयल।
ग्राम स्वराज अभियान 5 मई तक चलेगा
उपायुक्त ने बताया कि सरकार की ओर से डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर ग्राम स्वराज अभियान शुरू किया है, जो 5 मई तक चलेगा। 20 अप्रैल को उज्ज्वला पंचायतों का आयोजन होगा। 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस, 28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत अभियान, 2 मई को किसान कल्याण कर्मशाला, 5 मई को आजीविका एवं कौशल विकास मेला आयोजित किया जाएगा।
योजनाओं की जानकारी ली
स्वच्छ भारत पर्व कार्यक्रम में पहुंचे परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के उप सचिव राजेश गुप्ता और शिक्षा विभाग के अंडर सेक्रेट्री रोहताश भानकर ने भी सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, सुनीता चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी ग्रामीणों को सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करते स्वच्छता के बारे में प्रेरित किया। गांव की महिला सरपंच मीना देवी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम त्रिलोक चंद, डीडीपीओ विशाल, उपनिदेशक कृषि रोहताश सिंह, डीपीओ सुनीता सभ्रवाल, डीआईओ अमित बंसल, बीडीपीओ बिजेंद्र सिंह, सीएमजीजीए निशिता बनर्जी, सरपंच मीना देवी उपस्थित रहीं।
चेयरपर्सन ने शहरी स्वराज अभियान का किया शुभारंभ
बहादुरगढ | नप की चेयरपर्सन शीला राठी, कार्यकारी अधिकारी अपूर्व चौधरी व पार्षदों ने मिलकर शहीदी पार्क से शहरी स्वराज अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 5 मई तक चलेगा, जिसके दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा।