रेवाड़ी | नारनौल डिपो की 3 रोडवेज बसों में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दों चालकों की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा सवारियां घायल हाे गईं। हादसा रेवाड़ी-नारनौल रोड पर गांव पांडला के पास शनिवार दोपहर बाद करीब 3:30 बजे हुआ। रोहतक के गांव खरेटी निवासी ड्राइवर रोशन लाल (50) बस में सवारियां लेकर दिल्ली से रेवाड़ी होते हुए नारनौल जा रहा था। उनके आगे एक और बस चल रही थी, जो नारनौल ही जा रही थी। कुंड से निकलने के बाद पाडला के पास रोशन ने उसे ओवरटेक किया। तभी नारनौल से सवारियां लेकर रेवाड़ी आ रही बस से टक्कर हो गई। उस बस को नारनौल डिपो का चालक राजस्थान के अलवर जिले के हुडिया निवासी सतीश (26) चला रहा था। पीछे आ रही तीसरी बस भी इनसे जा भिड़ी। आमने-सामने से भिड़ने वाली दोनों बसों के चालक की तरफ वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हाे गया। चालक राेशन लाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश ने अस्पताल में दम तोड़ा। नारनौल के खोड़ निवासी रोशनी देवी व झज्जर के डुमोली निवासी दलीप की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। सतीश ने 15 दिन पहले ही रोडवेज में नौकरी जॉइन की थी।