पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तलाव स्टेडियम में ट्रैक खराब, जिम के उपकरण टूटे

तलाव स्टेडियम में ट्रैक खराब, जिम के उपकरण टूटे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तलाव के स्टेडियम में खिलाड़ियों को सुविधाओं की भारी कमी है। मुख्य रोड पर मौजूद स्टेडियम में न दौड़ने के लिए ट्रैक ठीक है और न ही जिम का सामान ही पूरा है। जो है वह भी टूटा पड़ा है। मेन गेट से लेकर अंदर मैदान की हालत खराब है। खिलाड़ियों की शिकायत है कि सुविधाओं के बारे में कई बार कोच व जिला खेल अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

तलाव गांव के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 200 से अधिक खिलाड़ी और ग्रामीण युवक सुबह व शाम के समय खेलने के लिए पहुंचते हैं। इनमें से काफी युवक नियमित खिलाड़ी हैं, लेकिन सुविधा नहीं मिलने से ये सभी बेबस हैं। दौड़ के लिए बना ट्रैक ठीक नहीं है। उबड़-खाबड़ व कंटीले ट्रैक की वजह से खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं। इससे अलग जो मैदान है, वहां पर जंगली घास उगी है। इसके कारण मैदान में खिलाड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार शाम पांच बजे जब स्टेडियम का दौरा किया गया तब यहां न तो कोच ही मिला और न ही खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं। खिलाड़ियों का कहना है कि कोच शाम 5 बजे स्टेडियम आ जाते हैं, लेकिन आज पहुंचे नहीं है। इनका कहना था कि वे नियमित रूप से खेल के लिए यहां पहुंचते हैं, लेकिन उनकी खेल सुविधाओं की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

खिलाड़ियों ने कहा-स्टेडियम में अधिकतर सामान खराब, मरम्मत पर नहीं ध्यान

तलाव स्टेिडयम में बास्केटबॉल का टूटा हुआ बोर्ड।

बास्केटबॉल का मैदान भी खराब

स्टेडियम में बास्केटबॉल मैदान को ठीक कराया जा रहा है। खिलाड़ियों की शिकायत है कि यहां जो रिपेयरिंग का काम चल रहा है, उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बास्केटबॉल के लकड़ी का फ्रेम भी टूटा हुआ है।

मैदान में उगी कंटीली झाड़ियां, मैदान भी उबड़-खाबड़

खिलाड़ी मनीष ने बताया कि स्टेडियम का ट्रैक ठीक नहीं है। इसके एक हिस्से में कंकर व रोड़ी हैं तो दूसरे बड़े हिस्से में कंटीली झाड़ियां। जिसके कांटे उनके पांव में चुभ जाते हैं। इसके बावजूद ट्रैक का जो भी सुधार है, वह खिलाड़ियों की अपनी मेहनत से है।

हाॅल में कई पंखे टूटे

खिलाड़ी रुमित का कहना है कि स्टेडियम को बने अधिक समय नहीं हुआ है। बिजली का कनेक्शन है, लेकिन बिजली के उपकरण टूटे हैं। हॉल में दर्जन भर पंखे हैं, लेकिन इनमें कई टूटे हैं। इसके बावजूद कोई भी उपकरण चालू हालत में नहीं है।

खराब सामान से चोट का खतरा

खिलाड़ी सुखदर्शन ने कहा कि स्टेडियम में जिम का सामान है, लेकिन इसमें से आधा भी ठीक नहीं है, ये खिलाड़ियों के उपयोग का नहीं है, बल्कि इसके कारण चोट तक लग सकती है। इस बारे में अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

कोच की जिम्मेदारी लगाई है, मरम्मत कार्य की जांच करवाई जाएगी

स्टेडियम में खेल सुविधाओं की कमी के बारे में सूचना मिली है। इनको दूर करने का प्रयास है। बास्केट बॉल ग्राउंड को रिपेयर कराया जा रहा है। निर्माण में खामियां हैं तो इसके लिए निरीक्षण किया जाएगा। निर्माण व दूसरी खामियां को दूर करने के लिए कोच की जिम्मेदारी लगाई गई है। वे अभी बाहर मीटिंग में है। आने के बाद कमियों को दूर कराएंगे। खिलाड़ियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं जुटाई जाएंगी। - सत्यदेव मलिक, डीएसओ, झज्जर।

खबरें और भी हैं...