जिले में गेहूं उठान की उम्मीद जागी है। हैफेड की ओर से शुक्रवार को मंडी में बारदाने की आपूर्ति का क्रम शुरू कर दिया है। आढ़तियों ने इस बात पर संतोष जाहिर किया है कि आने वाले दिनों में उनको मौसम की मार से गेहूं को बचाने की दिक्कत नहीं उठानी होगी।
जिले में इस बार गेहूं की बंपर पैदावार है, लिहाजा उम्मीद से अधिक खरीद होने के कारण हैफेड का बारदाना खत्म हो गया, इसको मंगवाने में 11 दिन का समय लग गया। इस बीच गुरुवार को रोहतक में रैक लगने के बाद अब बारदाने की गांठ को झज्जर भेजने का क्रम शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह ही बारदाने की गाठे अलग अलग आढ़तियों के यहां आनी शुरू को गई। पूर्व प्रधान चांद पहलवान का कहना है कि उनको उठान न होने के कारण दिक्कत थी, लेकिन अब किसानों का भुगतान करने में दिक्कत नहीं रहेगी। इनका कहना है कि मौसम के कारण बार बार गेहूं खराब हो रहा था। अब इसको लेकर भी आढ़तियों को नुकसान है। बारदाना आने से अब पैकिंग का काम शुरू हो सकेगा। साथ ही उठान की व्यवस्था बन जाएगी।