बोड़िया में प्रवासी श्रमिकों के बच्चों को खिलौने बांटे
झज्जर. जरूरतमंद बच्चों को खिलौने वितरित करती प्रशासनिक टीम।
भास्कर न्यूज | झज्जर
जिला प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों की मदद के लिए चलाए जा रहे सांझी मदद अभियान में बुधवार को गांव बोड़िया स्थित हनुमान ईंट भट्ठे में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों के बच्चों को चप्पलों और खिलौने का वितरण किया गया। जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा ने बताया कि सांझी मदद के तहत बाल भवन स्थित सामग्री संग्रहण केंद्र में समय-समय पर जिले के लोगों और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से गरीब व जरूरतमंदों की मदद के लिए पुराने कपड़े, खिलौने, जूते-चप्पल, खेल का सामान और अध्ययन सामग्री जमा कराई जाती है। केंद्र में एकत्रित सामग्री को समय-समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। डीसी के मागदर्शन में चल रहे सांझी मदद कार्यक्रम का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना है। जिला बाल कल्याण अधिकारी ने सांझी मदद कार्यक्रम में सामग्री संग्रहण में योगदान देने के लिए जिलावासियों से आगे आने की अपील की।