सरपंचों से शांति बनाए रखने की बनाई योजना
झज्जर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह व डीएसपी मुख्यालय झज्जर हंसराज बुधवार को थाना सदर बहादुरगढ़ के प्रांगण में आयोजित बैठक के दौरान अनेक गांवों के सरपंचोंं,पंचो,चौकीदारों व अन्य मौजिज ग्रामीणों से बात की। एसपी पंकज नैन के दिशा निर्देशानुसार एडिशनल एसपी लोकेंद्र सिंह व डीएसपी हंसराज द्वारा ग्रामीणों की एक-एक करके समस्याओं का जायजा लिया गया और उनकी पुलिस से संबंधित स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही उचित दिशा निर्देश दिए गए। सरपंचों व अन्य मौजिज ग्रामीणों से रूबरू होते हुए उन्होंने ग्रामीणों को गांव में आपसी सामाजिक भाईचारा एवं शांति बनाए रखने के साथ-साथ किसी तरह की अफवाह अथवा उकसाने वाली बातों पर ध्यान न देने की अपील की। मौजिज ग्रामीणों को संबोधित करते उन्होंने गांवों में शांति, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाये रखने का संदेश दिया।
बैठक में उन्होंने सरपंच एवं मौजिज ग्रामीणों से आह्नान करते हुए कहा कि वे अपने गांव अथवा गली मोहल्ले के युवाओं को बुरी आदतों, बुरे कामों तथा नशा प्रवृत्ति से बचाने के लिए प्रेरित करें। युवाओं का बुरी आदतों को छोड़ने के प्रति प्रेरित करने व उनका मार्गदर्शन करते हुए जागरूक करें। उन्होंने शरारती, असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश करने अथवा किसी तरह की अफवाह फैलाने की तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की।