बिजली चोरी की धरपकड़ करेगी बिजली निगम व पुलिस की टीम
गर्मी के मौसम में बिजली चोरी किए जाने की बढ़ती शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए बिजली निगम की टीम ने पहली बार पुलिसकर्मियों को साथ लेकर रात के अंधेरे में छापेमारी करेगी। रोहतक जोन के चीफ इंजीनियर ने रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के एसपी से पुलिसकर्मी उपलब्ध कराने के लिए कहा है। रात के अंधेरे में छापेमारी अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। निगम के लिए ड्राइव के तहत सौ फीसदी लक्ष्य पाने के लिए प्लान तैयार कर लिया है।
बिजली निगम के शेड्यूल में गर्मी का सीजन मई, जून व बारिश का सीजन जुलाई से सितंबर तक होता है। इस दौरान गर्मी के सीजन में घरों व बारिश के सीजन में खेतों में बिजली की खपत बढ़ जाती है। खपत बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में भी इजाफा हो जाता है। ऐसे में बिजली चोरी की शिकायतों का ग्राफ बढ़ जाता है। पिछले वर्ष बिजली-पानी थाना से अभियान के दौरान अपेक्षित सहयोग न मिलने की वजह से चोरी के केस में ज्यादा अंकुश नहीं लग पाया। हालांकि पकड़े गए चोरी के केसों में वसूली की राशि लक्ष्य के अनुरूप हो गई। इस बार सीएमडी शत्रुजीत कपूर की ओर से विशेष छापेमारी अभियान में बिजली-थाना पुलिस की बजाय पुलिस विभाग के जवानों को साथ ले जाने की मंजूरी दी गई है ताकि बिजली चोरी के ग्राफ को घटाया जा सके।