131 करोड़ इनहांसमेंट नहीं भरेंगे बनाई कमेटी, कल से देंगे धरना
बहादुरगढ़ | सेक्टर-2 व 9, 9 ए और झज्जर से सेक्टर नंबर-9 में प्लॉट लेने वालों पर 131 करोड़ रुपए की इनहांसमेंट की जबरदस्त मार पड़ने वाली है। इससे परेशान सेक्टर 2 और 9 के सेक्टरवासियों ने सेक्टर-2 के कम्युनिटी सेंटर में बैठक कर साफ कर दिया कि कोई भी सेक्टरवासी अब इनहांसमेंट की पेमेंट जमा नहीं करवाएगा। यहीं नहीं, बैठक के समाप्त होते-होते कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें छह सदस्यों की टीम बनाई गई। वहीं, सोमवार से सेक्टर-9 हुडा कार्यालय के सामने बैठकर धरना शुरू किया जाएगा। पूरे प्रदेश में इनहांसमेंट के खिलाफ धरने दिए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि गलत ढंग से कैलकुलेशन कर हुडा ने अनाप-शनाप इनहांसमेंट के नोटिस भेजे हैं।
टीम में ये सदस्य हुए शामिल
देवेंद्र रुहील, इंद्र सिंह गोयत, देवेंद्र देशवाल, प्रदीप कादियान, गुलाब सिंह मलिक, मास्टर कर्मबीर के साथ शिवराज मलिक हैं। इसके साथ चार अन्य सदस्यों को भी टीम में शामिल किया जाएगा।
यह है मामला : हुडा सेक्टरों में मकान बनाकर रह रहे लोगों और प्लाॅटधारकों से इनहांसमेंट के लगभग 131 करोड़ रुपए वसूले जाने हैं। हुडा ने इसके लिए 6762 प्लाॅटधारकों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। यह राशि एक माह तक बिना ब्याज के जमा होगी।