ईएसआई डिस्पेंसरी खोलने के प्रयास तेज, श्रममंत्री ने दिए आदेश
झज्जर | पिछले काफी लंबे समय से क्षेत्र के श्रमिकों द्वारा निशुल्क इलाज के लिए ईएसआई डिस्पेंसरी खोले जाने की मांग पूरे होने की संभावना मजबूत हो गई है। यहां के श्रमिकाें को शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए हरियाणा के श्रम मंत्री नायब सिंह सैनी ने मामला संज्ञान में आते ही सम्बंधित विभाग को इसके लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने व झज्जर मेंं जल्द ही ईएसआई डिस्पेंसरी खोले जाने के आदेश दिए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की पिछले काफी लंबे समय से मांग है कि उनका इलाज निशुल्क करवाने के लिए शहर में एक ईएसआई डिसपेंसरी खोली जाए।
पिछले दिनों झज्जर शहर के मोहल्ला बस्तीराम में रहने वाले अमित गोयल ने एक पत्र लिखकर प्रदेश के राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि समय पर निशुल्क व उचित इलाज श्रमिकों को मुहैया कराने के लिए झज्जर में ईएसआई की डिस्पेंसरी खोला जाना बेहद जरूरी है। गोयल की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री नायब सिंह सैनी ने ईएसआई इंश्योरेंस पैनल की सुविधा झज्जर में जल्द से जल्द करने के लिए सम्बंधित विभाग को आदेश दिए हैं।