जिले में रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को भी न्यूनतम तापमान में एक डिग्री बढ़कर 31 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे रातें भी गर्म हो गई है। ऐसे में लोगों को रात को भी गर्मी से किसी प्रकार की राहत नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह से ही गर्मी अपने तेवर दिखा रही थी। 9 बजे ही तापमान 30 डिग्री होने से लोगों को गर्मी का अधिक अहसास हुआ। दोपहर होते होते तो गर्मी से झुलसाना शुरू कर दिया। रही कसर लू के थपेड़ों ने पूरी कर दी। लू के कारण वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। तापमान में बढ़ोतरी से अस्पताल में भी रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है।