पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • समर्थन मूल्य के नाम पर खानापूर्ति हो रही: यदुवंशी

समर्थन मूल्य के नाम पर खानापूर्ति हो रही: यदुवंशी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भारतीय किसान संघ की ओर से सोमवार को किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान मिनी सचिवालय के बाहर एकत्र हुए। यहां किसानों ने नारेबाजी कर एक दिवसीय धरना दिया। धरने को संघ के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।

धरने को संबोधित करते हुए किसान संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख हेमराज यदुवंशी ने कहा कि समर्थन मूल्य किसान के पसीने का मूल्य है। जिसको वर्तमान में न्यूनतम समर्थन मूल्य के रूप में तय किया जाता है। यह किसान संघ को मंजूर नहीं। उन्होंने कहा कि फसल कृषि उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिलने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारी मांग देश के अंदर सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य व बिक्री मूल्य के अंतर को किसानों में सीधे डालने की है, जिसे हम लेकर रहेंगे। इस मौके पर प्रांतीय मंडी प्रमुख सीताराम नागर ने समर्थन मूल्य खरीद में आ रही किसानों की समस्याएं गिनाई। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य के नाम पर राज्य सरकार महज खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने सरकार की नियत में खोट होने का आरोप लगाया। जिला मंत्री राधेश्याम गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार तो केंद्र की योजनाओं तक की अनदेखी कर रही है। धरने को संभाग कार्यकारिणी के हरिसिंह, जैविक प्रमुख सहमंत्री किशन पाटीदार, केवल चंद, केवल पाटीदार, राजेंद्र वर्मा, सत्यनारायण पाटीदार आदि ने संबोधित किया।

आज से तहसील स्तर पर किसानों का प्रदर्शन: भारतीय किसान संघ जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर 22 से 25 मई तक धरना प्रदर्शन करेगा।

पीएम-सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान संघ के जिला प्रमुख मुकेश मेहर ने बताया कि 5 घंटे धरना-प्रदर्शन के बाद संघ का प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिला और अपनी मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा। इसमें किसान संघ ने भावांतर मूल्य योजना चलाने व खरीद लक्ष्य बढ़ाते हुए खरीद व्यवस्थाओं को ठीक करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में महेश मेहर, मनोहरलाल दांगी, मनोहरसिंह चौहान, अशोक मीणा, कृष्ण मुरारी, रामचंद्र नागर, गोविंद पाटीदार, कैलाश सेन, हरीश श्रृंगी आदि शामिल थे।

झालावाड़. भारतीय किसान संघ की ओर से आयोजित धरने में मौजूद किसान।

खबरें और भी हैं...