रायपुर. कृषि गौण मंडी में लहसुन की सरकारी खरीद शुरू होने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। किसान लहसुन के कम भाव से परेशान थे और किसान खरीद केंद्र शुरू करने की मांग कर रहे थे।
रायपुर कृषि गौण मंडी में राजफेड के माध्यम से झालरापाटन क्रय विक्रय सहकारी समिति झालरापाटन शाखा रायपुर के माध्यम से लहसुन की खरीदी शुरू हुई है। तौल केंद्र प्रभारी भूपकिशोर शर्मा ने बताया की किसान टोकन कटवाएं। प्रति बीघा 14 क्विंटल और अधिकतम 40 क्विंटल खरीद होगी। शुक्रवार को लहसुन तौल कांटे का डिप्टी रजिस्टार, एमडी सहकारी बैंक ने निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। लहसुन का समर्थन मूल्य 3257 रुपए प्रति क्विंटल है।
बकानी. लहसुन की तुलाई कराने आए किसान।
बकानी में लहसुन की खरीद शुरू: बकानी. लहसुन की बंपर पैदावार को देखते हुए कृषि उपजमंडी में क्रय विक्रय सहकारी समिति व बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत लहसुन की खरीद शुरू हो गई। केंद्र खुलते ही बकानी व आसपास के क्षेत्र के किसान लहसुन की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर कृषि उपजमंडी पहुंच रहे हैं। गुरुवार रात से ही रायपुर, कालीतलाई, नसीराबाद, हरिपुरा, सलावद, रटलाई, खेड़ा, थोबड़िया सहित कई गांवों के किसानों ने लहसुन तुलाई कराने के लिए मंडी में डेरा डाल दिया। बकानी में लहसुन तुलाई के लिए बंपर माल आया है, लेकिन निर्देशानुसार 25 एमएम लहसुन की ही तुलाई होगी।