जनता की मांग पर मुख्यमंत्री केे निर्देश खानपुर में 30 सितंबर तक नया बसस्टैंड
खानपुर में मुख्यमंत्री जब जनसंवाद से पहले सरकारी योजनाओं में लाभांवितों के पास पहुंची तो यहां बुजुर्ग कन्हैया के हाल जाने। संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने बताया कि जनसंघ के दौर से ही ये कार्यकर्ता रहे हैं और मुख्यमंत्री से मिलने की इन्होंने इच्छा जताई थी। इस पर सीएम ने उनके कानों में खुद मशीन लगाई। कान की मशीन से सालों बाद बुजुर्ग को कुछ सुनाई दिया तो वह खुश हो गया।
सीएम ने मुंडेरी हाई लेवल ब्रिज का किया लोकार्पण:मुंडेरी पर नवनिर्मित हाईलेवल ब्रिज का लोकार्पण मंगलवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किया। खानपुर से मंगलवार रात को यहां आई मुख्यमंत्री ने इसे जनता को समर्पित किया। इस दौरान हाईलेवल ब्रिज पर आकर्षक विद्युत सजावट की गई थी। कालीसिंध नदी मुंडेरी पुलिया के नीचे नवनिर्मित एनिकट को पिकनिक स्पॉट और रमणिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर 2100 दीपकों से दीपदान किया गया। सीएम ने यहां पहुंचने पर फीता काटा। लोकार्पण के लिए सुबह से ही हाईलेवल ब्रिज पर आवागमन बंद कर रखा था। नीचे वाली पुलिया से वाहनों को पहुंचाया गया
2 भाजपा कार्यकर्ताओं की जेब कटी
सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम में आए 2 कार्यकर्ताओं की जेब कट गई। खंडी भीमराज नागर को भोजन करने के दौरान जेब कटने का पता चला। जेब में 12 हजार रुपए होने की बात बताई है। वहीं दूसरा सोजपुर से आया कार्यकर्ता की जेब में 10 हजार रुपए रखे थे। देखा तो जेब से रुपए गायब मिले।
झालरापाटन में जनसंवाद आज
झालरापाटन. मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम झालरापाटन में शारदा रिसोर्ट में होगा। इसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह शामिल होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय जैन एवं जिला महामंत्री डॉक्टर राजेश शर्मा बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की मीटिंग लेगी।
खानपुर का होगा कायाकल्प
सीएम ने जनसंवाद के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक खानपुर का कायाकल्प करें। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान से ऊंची-नीची सड़क को उखाड़कर नए सिरे से नई सड़क बनाने तथा ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के लिए कहा। इस पर खान ने आश्वस्त किया कि 30 सितंबर तक खानपुर का कायाकल्प हो जाएगा। इससे पूर्व खानपुर हेलीपेड से वे सीधी चांदखेड़ी (खानपुर) दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीआदिनाथ के दर्शन किए। इसके बाद वह जनसंवाद के लिए निजी होटल में रवाना हुईं। यहां मुख्य द्वार पर लोगों ने सीएम का स्वागत कर समस्याएं भी बताईं। इस दौरान सांसद दुष्यंतसिंह, जनअभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, डग विधायक रामचंद्र सुनारीवाल, मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा, जिला अध्यक्ष संजय जैन,पूर्व विधायक अनिल जैन, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी महांति, प्रमुख शासन सचिव जलसंसाधन शिखर अग्रवाल, संभागीय आयुक्त केसी वर्मा, कलेक्टर जितेन्द्र सोनी, एसपी आनंद शर्मा मौजूद रहे।
पेज 18 पर पढ़ें