18 तोला सोना व दो लाख के कपड़े चोरी
झालरापाटन| चंद्रभागा नदी की पुलिया और माधोपुर गांव के बीच सोमवार रात 12 बजे बदमाशों ने चलती बस की डिक्की तोड़कर उसमें से दो बैग चुरा लिए। उनमें 18 तोला सोने के जेवर और दो लाख रुपए करीब के कपड़े रखे हुए थे। इस घटना को लेकर मंगलवार को रिपोर्ट दी गई है। मप्र माचलपुर के किराना व्यापारी घनश्याम मोदी ने बताया कि वह परिवार के साथ बस व अन्य साधनों से खैराबाद स्थित फलौदी माता मंदिर पर अभिषेक के लिए जा रहे थे। सोमवार में 12 बजे माधोपुर से चंद्रभागा नदी की पुलिया के बीच बदमाशों ने रफ्तार धीमी होने पर चलती बस की डिक्की का ताला तोड़कर दो बैग चुरा लिए। इनमें से एक बैग में 18 तोला सोने के जेवर और दूसरे बैग में 2 लाख की साड़ियां व कपड़े रखे हुए थे। बैग चोरी होने का पता खैराबाद पहुंचने पर चला। इसके बाद परिवार के लोग कार से वापस झालरापाटन घटना स्थल की तरफ रात में 2:30 बजे आए तो साइड में स्थित पुलिस वन में कुछ लोग दिखे। पीछा करने पर वह भाग गए। लेकिन बैग व जेवर की कुछ खाली डिब्बियां वहां मिली। इस वारदात को लेकर मंगलवार को लिखित रिपोर्ट दी गई है। थानाप्रभारी जगदीश मीणा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।