पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • झालावाड़ में पर्यटन चढ़़ेगा परवान, मुंडेरी में बनेगा ट्यूरिस्ट स्पॉट, गोमतीसागर चंद्रभागा कालीसिंध का होगा विकास

झालावाड़ में पर्यटन चढ़़ेगा परवान, मुंडेरी में बनेगा ट्यूरिस्ट स्पॉट, गोमतीसागर-चंद्रभागा-कालीसिंध का होगा विकास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज| झालावाड़/ झालरापाटन

सीएम वसुंधरा राजे बुधवार को झालरापाटन के लोगों के साथ जनसंवाद किया और यहां का फीडबैक लेकर समस्याएं जानीं। सीएम ने पहले झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों से जनसंवाद किया। इसके रायपुर मंडल, उसके बाद पिड़ावा मंडल सहित अन्य मंडलों को बारी-बारी से बुलाया गया। सुबह एक बजे से बैठक शुरू हुई, देर शाम सात बजे तक चलती रही। इससे पहले पहले डाक बंगले में मुंडेरी पुलिया पर पिकनिक स्पॉट की प्लानिंग तैयार करने वाली गुजरात की कंपनी के प्रतिनिधि भी सीएम से मिले।

मुंडेरी पुलिया के लोकार्पण के बाद अब इसके नजदीक ही पर्यटन स्पॉट विकसित होगा। सीएम ने कंपनी के प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द इसके प्रजेंटेशन देने की बात कही। जैसे ही प्रजेंटेशन फाइनल होगा, उसके बाद यहां पर ट्यूरिस्ट स्पॉट बनाने की तैयारियां की जाएंगी। मुंडेरी पुलिया पर हाईलेवल ब्रिज बनाया गया है। इससे कालीसिंध नदी का दृश्य आकर्षक दिखाई देने लगा है। इसी के नीचे बोटिंग भी होगी। पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान ने बताया कि गुजरात की कंपनी इसी तरह नदियों पर ट्यूरिस्ट स्पॉट विकसित करती है। जनसंवाद कार्यक्रम में चंद्रभागा नदी की डीपीआर तैयार करवाने की बात कही। साबरमती की तर्ज पर चंद्रभागा के विकास की डीपीआर तैयार करने की तैयारी यहां पहले से ही चल रही है। सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि झालावाड़ में पर्यटन परवान चढ़़ेगा। यहां की चंद्रभागा और कालीसिंध नदी तथा गोमती सागर का पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जाएगा। जून तक झालावाड़ में पीपाजी का पैनोरमा भी बनकर तैयार हो जाएगा। कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री युनूस खान, विधायक रामचंद्र सुनारीवाल, कंवरलाल मीणा, जिला प्रमुख टीना भील, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ माैजूद रहे।

सीएम ने आहू-चंवली, रैवर लिंक चैनल का किया शिलान्यास

झालावाड़. आहू चंवली रिवर लिंक चैनल के निर्माण कार्य का बुधवार को शिलान्यास करतीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे।

घोषणाओं के साथ विकास कार्यों की दी जानकारी

आहू-चंवली, रैवर लिंक चैनल का किया शिलान्यास: सीएम ने सिंचाई विभाग की ओर से निर्माण होने वाली आहू चंवली रिवर लिंक चैनल निर्माण का शिलान्यास भी किया। 1498 लाख की से निर्माण होगा। इससे जिले के 34 गांवों को लाभ मिलेगा।

फूड प्रोसेसिंग प्लांट होंगे स्थापित: सीएम ने कहा कि झालावाड़ में फूड प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किए जाएंगे ताकि यहां पैदा होने वाली उपज का किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके और रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि झालरापाटन में संतरा मंडी के लिए जमीन की कार्यवाही भी शीघ्र की जाएगी।

बकानी और रायपुर में खुलेंगे लहसुन के खरीद केंद्र: झालावाड़ में लहसुन की बंपर पैदावार को देखते हुए बकानी और रायपुर में बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत दो नए लहसुन खरीद केंद्र खोले जाएंगे। किसानों की मांग पर सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके स्वीकृति आदेश भी जारी हो चुके हैं।

भोपाल के लिए शुरू होगी बस सेवा : मुख्यमंत्री ने लोगों की मांग पर झालावाड़ से भोपाल वाया रटलाई भालता बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है।

बकानी अस्पताल 30 से 50 बेड का हुआ: सीएम वसुंधरा राजे के खानपुर में जनसंवाद में की गई मांग के बाद सीएमएचओ ने 20 बेड बढा दिए। अब अस्पताल 50 बेड का हो गया है।

झालरापाटन में 7565 करोड़ के विकास कार्य: सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने साढ़े चार साल में झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 7 हजार 565 करोड़ के काम मंजूर किए हैं। 13 करोड़ से स्टेट इंस्टीट्यूट आॅफ होटल मेनेजमेंट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान, सांसद दुष्यंत सिंह, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, अतिरिक्त मुख्य सचिव सूचना एवं जनसंपर्क जेसी मोहंती, प्रमुख शासन सचिव जल संसाधन शिखर अग्रवाल, संभागीय आयुक्त केसी वर्मा, कलेक्टर जितेन्द्र सोनी, पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा आदि मौजूद रहे।

भामाशाह योजना का लिया फीडबैक: मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में मुख्यमंत्री ने लाभार्थी लोकेश, प्रमोद, विमल, हेमराज, कृष्णा, राधिका, आदर्श, विजया, अक्षरा सहित अन्य लाभार्थियों से बातचीत कर उनके हालचाल जाने और योजना का फीडबैक भी लिया।

दिल में छेद के मामलों में स्टडी के लिए टीम गठित: जनसंवाद के दौरान बच्चों में दिल में छेद के मामले अधिक संख्या में सामने आने पर मुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस पर स्टडी करवाएं कि ऐसा क्यों हो रहा है।

सीएम के सामने फरियाद लेकर पहुंचे लोग

सीएम वसुंधरा राजे को अपनी समस्याएं सुनाने के लिए लोग उमड़ पड़े। बुधवार को जैसे ही एक निजी रिसोर्ट में सीएम जनसंवाद कार्यक्रम के लिए पहुंची तो उससे पहले मुख्य द्वार पर वह लोगों की समस्याएं सुनने रुकीं। वसुंधरा विहार कॉलोनी निवासियों ने बिजली, पानी,सड़क और नालियों की समस्याएं बताई। लोगों ने कहा कि उनकी कॉलोनी में न तो पानी मिल पा रहा है और न ही सड़क है। जगन्नाथपुरी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी जमीन का मुआवजा दूसरे के खाते में आने की शिकायत सीएम से की। सारंगखेडा निवासी भैरुलाल नट ने अपनी जमीन पर अन्य व्यक्ति के द्वारा कब्जा करने की शिकायत बताई। इस अवसर पर सरकारी ऑफिसों में लगे कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने नियमित करने की मांग की। बिजली विभाग सहित अन्य विभागों के डिग्रीधारी इंजीनियरों की ओर से झालरापाटन में सीएम को वेतन विसंगति को लेकर ज्ञापन दिया गया। इसमें डिग्री इंजीनियर काउंसिल ऑफ राजस्थान के बैनर तले बताया गया कि बिजली इंजीनियर जो कि पांचवें वेतन आयोग तक फ़र्स्ट ग्रेड हुआ करता था, अब थर्ड ग्रेड हो गए हैं। इससे काफी नुकसान हो रहा है। इस अवसर पर इंजीनियर रामेश्वर गुर्जर, कुलदीप सिंह, रिंकू जांगिड़, कुसुमलता सहित अन्य मौजूद रहे। जनसंवाद कार्यक्रम में सीएम के सामने लोगों ने सबसे बड़ी समस्या झालावाड़ अस्पताल की बताई। यहां कई आधुनिक मशीनें हैं, लेकिन उनके संचालन के लिए ऑपरेटर ही नहीं हैं। इससे अस्पताल में महत्वपूर्ण जांचें नहीं हो पा रही हैं। लोगों ने बताया कि जनाना अस्पताल में पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में शिफ्ट न कर सीधे ही वार्ड में प्रसूताओं को शिफ्ट कर दिया जाता है, इससे प्रसूताओं के टांके कटने की समस्या सामने आती है। झालरापाटन निवासी शैलेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य ने दिए ज्ञापन में बताया कि शहर के अंदर और बाहरी क्षेत्र की सड़कों की दशा काफी खस्ताहाल हो रही है। शहर के अंदर एवं बाहर कभी सीवरेज लाइन डालने के नाम पर तो कभी विद्युत विभाग की अंडर ग्राउंड केबलें डालने के नाम पर सड़कों को छलनी किया जा रहा है। इससे शहरवासियों को चमचमाती हुई सड़कों की सौगात मिलने के बावजूद भी गड्ढों में सफर कर रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने लगाई अधिकारियों को फटकार-ये कैसा रोड बना दिया

खानपुर| मुख्यमंत्री के जनसंवाद के बाद मंगलवार को मुख्य मार्गों को जोड़ने वाली सड़कों के घटिया निर्माण की काफी शिकायतें मिली। इसके बाद पीडब्ल्यूडी और प्रभारी मंत्री यूनुस खान मंगलवार देर शाम को इन सड़कों की जांच करने खुद पहुंचे। उन्हें भी सड़कें समतल न होकर ऊंची नीची दिखाई दीं। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यह कैसा रोड बना दिया है। सड़क की हर लेवल पर जांच कराई जाए।

उन्होंने भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी और ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी। दरअसल कस्बे में सात करोड़ रुपए की लागत से छह सीसी सड़कों का निर्माण चल रहा है। इसमें खानपुर रोड, चांदखेड़ी रोड, बारां रोड, कालीतलाई, हनुमान मंदिर को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन सड़कों में लोग शुरुआत से ही घटिया निर्माण की शिकायत करते हुए आ रहे हैं। 15 दिन पहले भी बेस तैयार होने के समय कम मात्रा में सीमेंट और कंक्रीट मिलाने की शिकायत आ चुकी थी। क्षेत्रवासियों ने एसडीएम कार्यालय में जाकर शिकायत की और विरोध दर्ज कराया था, लेकिन उसके बावजूद भी काम नहीं रुका। अब जाकर लोगों ने सीधे सीएम तक इसकी शिकायत पहुंचाई। सूत्रों ने बताया कि सड़कों की गुणवत्ता खराब है। इसकी उच्च स्तर पर जांच होना जरूरी है। इसके अलावा यादव मोहल्ले की गली से सारोला रोड तक की सड़क को दुबारा बनवाया जाएगा। इस सड़क में भी पूर्व में काफी घटिया निर्माण हुआ था। इस पर ठेकेदार पर कार्रवाई भी हुई थी।

खबरें और भी हैं...