धरना दे रहे बच्चों को संबोधित करते अखिलेश सिंह।
भास्कर न्यूज|जोरापोखर
लक्ष्मी कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय को पारबाद मध्य विद्यालय में विलय को लेकर 13वां दिन भी बच्चों का धरना जारी रहा। झरिया विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह के अाश्वासन के बाद शनिवार को सभा आयोजित कर धरना समाप्त किया गया। सिंह ने अभिभावकों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सुविधा संपन्न लक्ष्मी कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय का अभाव ग्रस्त मध्य विद्यालय में विलय नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले को लेकर झरिया विधायक संजीव सिंह भी गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि झरिया सीओ केदारनाथ सिंह, बीईईओ दिलीप मांझी को बताया गया कि लक्ष्मी कॉलोनी प्रावि में छह कमरे हैं। बिजली, पानी, शौचालय, खेल के लिए ग्राउंड, चहारदीवारी आदि सारी सुविधा मौजूद है। जबकि पारबाद मध्य विद्यालय में मात्र तीन कमरे के अलावा पानी, बिजली, शौचालय, चहारदीवारी नहीं है। इससे विद्यालय का विलय होना न्याय संगत नहीं लगता है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विलय को रोका जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सलीम आजाद व संचालन गणेश भारती ने किया। मौके पर भाजपा नेता उचित महतो, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, स्वरूप राय, कार्तिक हेंब्रम, ग्रामीणों में कमलेश पासवान, मुन्नी देवी, धनेश्वरी देवी, शांति देवी, संजू देवी आदि थे।