झरिया भागा रोड साईं मंदिर के समीप रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला कविता अग्रवाल ने झरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने कहा कि उसके पति पवन अग्रवाल का एक दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा है। इसका वह विरोध करती हैं, तो उसके पति पवन अग्रवाल, देवर आनंदी अग्रवाल ने शुक्रवार की रात मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसी दौरान झरिया थाना के गश्ती दल पहुंची, तो आश जगी की अब शायद न्याय मिलेगा। लेकिन गश्ती दल में तैनात पुलिस पदाधिकारी ने पति का सहयोग करते हुए उसे भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। पुलिस बल अपना रोब दिखाते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके निशान उसके शरीर पर है। शनिवार को उक्त महिला के समर्थन में विशाल फोर्स की महिलाएं थाने पहुंच गई। महिला को न्याय दिलाने की मांग पुलिस से की। झरिया थाना गस्ती दल के पुअनि रामाशंकर उपाध्याय ने कहा कि महिला द्वारा लगाया गया आरोप निराधार है। उच्च पदाधिकारी की सूचना पर साईं मंदिर के समीप गए थे। वहां विवाद हो रहा था। इस पर महिला को उसके सहेली के घर रात में रहने की बात कही गई थी। सुबह में महिला को थाना बुलाया गया था।