झब्बाल | शुक्रवार को सीमावर्ती थाना सराय अमानत खां में तैनात एएसआई को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे-हाथों काबू किया है। विजिलेंस के इंस्पेक्टर गुरजिंदर सिंह ने बताया कि सरदूल सिंह व मनदीप सिंह निवासी भूसे और गांव के ही निशान सिंह में मामूली तकरार हुआ था। इस पर सरदूल सिंह ने निशान सिंह के खिलाफ थाना सराय अमानत खां में शिकायत दी थी, लेकिन एएसआई अंग्रेज सिंह ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब सरदूल सिंह ने कार्रवाई करने के लिए कहा तो इसने उससे कार्रवाई करने के लिए पांच हजार रुपए की मांग की और तीन हजार रुपए में सौदा तय हो गया, जिसकी उनकी ओर से विजिलेंस विभाग की टीम को शिकायत की गई। शुक्रवार को इंस्पेक्टर गुरजिंदर सिंह की अगवाई में विजिलेंस टीम ने एएसआई को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।