गर्मी के मौसम में बिजली की आंख मिचौनी से परेशान जिलेवासियों को जल्द ही जीरो कट बिजली सुविधा उपलब्ध होगी। विभाग की ओर से इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। डीवीसी के बांझेडीह केटीपीएस से विद्युत विभाग को 25 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्लांट तक पोल व तार लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है।
डीवीसी के द्वारा इसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार इसी माह से जिले को अतिरिक्त 25 मेगावाट विद्युत की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। 25 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलने के साथ ही जिलेवासियों को लोड शेडिंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी। उल्लेखनीय है की कई दशकों से विद्युत विभाग को डीवीसी की ओर से 38 मेगावाट बिजली आपूर्ति की जा रही है। जबकि डिमांड 60 मेगावाट की है। अतिरिक्त बिजली की डिमांड कई वर्षों से की जा रही थी। विभाग की ओर से पूर्व में इसके लिए करोड़ों रुपए खर्च कर विशुनपुर डीवीसी के समीप अंडरग्राउंड केबल बिछाया गया था। लेकिन झारखंड विद्युत बोर्ड व डीवीसी के बीच कागजी कार्रवाई पूरी नहीं ं होने के कारण यह योजना धरातल पर नही उतर सकी।
बांझेडीह केटीपीएस से 25 मेगावाट बिजली मिलने से जिलेवासियों की चिर-प्रतीक्षित मांग पूरी होगी। ज्ञात हो की जिले में करीब 73 हजार विद्युत उपभोक्ता हो गए है। विभाग के कार्यपालक अभियंता अमित खलको ने बताया की केटीपीएस से 25 मेगावाट बिजली लेने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसी माह से आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। गौशाला पावर सब स्टेशन में इसके लिए सभी उपकरण लग चुके है।