झुमरीतिलैया | भारत विकास परिषद ने एक रिक्शा चालक के पुत्र को कराया नि:शुल्क हृदय रोग का ऑपरेशन। परिषद ने झुमरी तिलैया निवासी रिक्शा चालक अर्जुन यादव के 11 वर्षीय पुत्र पवन यादव जो जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित था, उसका नि:शुल्क ऑपरेशन हावड़ा कोलकाता के नारायणा सुपरस्पेशलिस्ट अस्पताल में कराया गया। यह जानकारी परिषद के शाखा अध्यक्ष रामप्रवेश पांडेय व सचिव प्रो. कैलाश राणा ने संयुक्त रूप से दी। उल्लेखनीय हो कि अर्जुन यादव जो मूलत: बिहार राज्य के गया जिले का रहने वाला है, जो वर्षों से झुमरी तिलैया में रहकर रिक्शा चलाकर अपना व परिवार का भरण पोषण करते आ रहा है। यादव पैसे के अभाव में अपने पुत्र पवन का इलाज नहीं करा पा रहा था। परिषद के क्षेत्रिय सचिव महर्षि ने बताया कि ऑपरेशन का खर्च ढ़ाई लाख रुपए अनुमानित था, लेकिन अस्पताल ने एक रुपए भी नहीं लिया।