जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पर शुक्रवार को वार्ड 20 व 25 की महिलाओं ने पौन घंटे तक कब्जा जमाए रखा। ये महिलाएं उपरोक्त वार्ड की डूंगर कॉलोनी में करीब तीन महीने से पानी नहीं आने की समस्या से परेशान थीं। सुबह करीब 11 बजे लामबंद होकर कार्यालय पहुंची महिलाओं ने अधिकारियों के नहीं मिलने पर टेबल-कुर्सियों पर बैठ कर्मचारियों को खूब उलाहने दिए। मामले की जानकारी मिलने पर पिलानी से चिड़ावा आए कार्यवाहक एईएन कैलाश पूनिया से वार्ड के लोगों ने समस्या समाधान में जानबूझकर देरी करने की शिकायत की। उन्होंने पुराना सार्वजनिक बोरवैल सूख जाने पर नये बोरवैल का बिजली कनेक्शन नहीं होने के बाबत सवालात भी किये।
चिड़ावा के वार्ड 20 व 25 में तीन महीनों से पेयजल किल्लत, पौन घंटे बाद आए अधिकारी ने दो दिन की मोहलत मांगी
एईएन कार्यालय की कुर्सियों और टेबल पर जमकर बैठ गई महिलाएं
एईएन को ज्ञापन भी सौंपा
आक्रोशित लोगों ने एईएन को ज्ञापन भी सौंपा, इसमें समस्या प्रभावित इलाके की क्षतिग्रस्त पाइप लाइन बदलवाने व नये बोरवैल का कनेक्शन शीघ्र करवाकर उससे पाइप लाइन जोड़ने की मांग रखी। एईएन पूनिया ने वार्डवासियों से दो दिन की मोहलत मांगी। तब कहीं जाकर कार्यालय में जमे कॉलोनी के लोग वापस लौटे। पानी की समस्या को लेकर घेराव प्रदर्शन करने वालों में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेशदेवी यादव, उर्मिला देवी, मनोज देवी, शीला, शकुंतला, गुलाब कौर, उम्मेदसिंह, अनिल जानू, महिपाल सहित अन्य लोग शामिल थे। जलदाय विभाग चिड़ावा के कार्यवाहक एईएन कैलाश पूनिया ने बताया कि वार्ड 20 व 25 की डूंगर कॉलोनी में बने नए बोरवैल का बिजली कनेक्शन प्रक्रियाधीन होने के कारण समस्या समाधान में देरी हो रही है। पुराने कुएं से भी इलाके में पानी की सप्लाई जारी है लेकिन गरमी के कारण खपत अधिक होने से समस्या पैदा हुई, जिसे जल्द दूर किया जाएगा।