पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • 30 वर्ष से बंद गोवला से नंगली गुजरान का साढ़े तीन किमी लंबा रास्ता खुलवाया, 12 फीट चौड़ा किया

30 वर्ष से बंद गोवला से नंगली गुजरान का साढ़े तीन किमी लंबा रास्ता खुलवाया, 12 फीट चौड़ा किया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायत समिति क्षेत्र के गोवला में शुक्रवार को लगा न्याय आपके द्वार शिविर ग्रामवासियों के लिए खुशी का संदेश लेकर आया। प्रशासन ने 30 वर्ष से बंद पड़े गांव से नंगली गुजरान जाने वाले कटानी रास्ते को जेसीबी मशीन से खुलवा दिया। इस साढ़े तीन किलोमीटर लंबे रास्ते को खेत मालिकों ने कंटीली झाड़ियां व मिट्टी वगैरह डालकर रोक रखा था। इसके कारण लोगों को नंगली गुजरान जाने के लिए डेढ़ किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही थी। शिविर में मामला उठने पर एसडीएम देवयानी व नायब तहसीलदार ने रास्ता रोकने वाले 12-13 खेतों के 25 खातेदारों से समझाइश कर रास्ता खुलवाया।

चनाना चौकी इंचार्ज महावीरसिंह, गिरदावर नाथूराम भगत, ऑफिस कानूनगो सुरेंद्र कुमार, पटवारी इंद्रसिंह, जयपाल व राजेंद्र की मौजूदगी में ये कार्रवाई हुई। दो घंटे तक चली जेसीबी मशीन ने रास्ते को 12 फीट चौड़ा कर दिया। इसके बाद ग्रामवासियों सरपंच मनीराम के जरिये एसडीएम को मांगपत्र सौंपा। इसमें तीन दशक बाद खुलवाए गए आम रास्ते पर गौरव पथ बनवाने की मांग की गई। मांगपत्र देने वालों में ख्यालीराम, राजू, मोतीराम, कैलाश, सांवरमल, सुमेर, अंकित, रामसिंह, सुदेश आदि शामिल थे।

चिड़ावा. कटानी रास्ते से अतिक्रमण हटाती जेसीबी मशीन।

उदयपुरवाटी : 40 साल बाद मणकसास के गुल्लाराम को मिला असली नाम गूगनराम

उदयपुरवाटी/इंद्रपुरा | न्याय आपके द्वार अभियान के दौरान अटल सेवा केंद्र नांगल पर लगे शिविर में राजस्व रिकार्ड दुरुस्त कर मणकसास के गुल्लाराम को गूगनराम किया गया। 184 अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया। तहसीलदार औंकारमल मूंड के नेतृत्व में लगे शिविर के दौरान मणकसास निवासी गूगनराम ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसकी जमीन के राजस्व रिकार्ड में गलती से उसका नाम गुल्लाराम दर्ज हो गया। दूसरी जगह खातेदारी जमीन में उसका नाम गूगनराम दर्ज है जबकि मणकसास में गुल्लाराम दर्ज है। एसडीओ ने मामले की जांच करवाने के बाद नाम दुरुस्त कर गूगनराम करने के निर्देश दिए। बिजली निगम के जेईएन नरेश सैनी ने बताया कि सरकारी योजना के तहत मात्र 500 रुपए जमा करके कनेक्शन देने की स्कीम के तहत 34 लोगों को बिजली कनेक्शन जारी किए गए। इस मौके पर सरपंच अर्जुनलाल मेघवाल, उप सरपंच गजेंद्रसिंह शेखावत, रामप्रताप पुलकित आदि मौजूद थे।

पिलानी | हमीनपुर ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्र पर न्याय आपके द्वार शिविर लगा। प्रभारी सूरजगढ़ एसडीएम प्रतिष्ठा पिलानियां के नेतृत्व में लगाए गए शिविर के दौरान सूरजगढ़ तहसीलदार मांगेराम पूनिया सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर के दौरान एसडीएम सूरजगढ़ के रीडर नरेश कुमार, तहसीलदार सूरजगढ़ के रीडर सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। शिविर के दौरान पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन राजस्थान के सूरजगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण भांबू के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रभारी एसडीएम सूरजगढ़ प्रतिष्ठा पिलानिया को पांच सूत्री मांगो का ज्ञापन देते हुए मंत्रालयिक कर्मियों की संवर्ग के स्वीकृत पदों के विरुद्ध स्ट्रेंट रिवाइज करने, शेष रहे लिपिक पदों पर भर्ती करवाने, गृह जिले में स्थानांतरण नियम लागू करने, अनुकंपा नियुक्ति पर लगे लिपिकों को टंकण परीक्षा से राहत दिलाने सहित पांच मांगों का ज्ञापन दिया।

खेतड़ी नगर | बड़ाऊ के अटल सेवा केंद्र में शुक्रवार को न्याय आपके द्वार शिविर में तीन भाइयों को उनकी जमीन नाम की। शिविर के मुख्य अतिथि एसडीएम संजयकुमार वासु थे। विशिष्ट अतिथि खेतड़ी प्रधान मनीषा गुर्जर, तहसीलदार बंशीधर योगी, पंचायत प्रसार अधिकारी सत्यवीर यादव थे। अध्यक्षता सरपंच ऊषा कंवर ने की। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। प्रधान मनीषा गुर्जर ने 40 साल पुरानी पाइप लाइन को बदलवाने का आश्वासन दिया। ग्रामसेवक रामजीलाल महला ने बताया कि श्रीकृष्ण नगर के तीन भाई शिशुपालसिंह यादव, शीशराम, धर्मपाल पुत्र रघुनाथ यादव के नाम जमीन की गई। बहनों ने अपना हक तीनों भाइयों के नाम, खाता विभाजन एवं नामांतरण कर दिया। खाता विभाजन 11, नामांतरकरण 84, सीमा ज्ञान एक, राजस्व नकल 89 आदि मामलों का निस्तारण किया। शिविर में गिरदावर राकेश कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, विरेंद्र गुर्जर मौजूद थे।

उदयपुरवाटी. ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करते तहसीलदार।

खबरें और भी हैं...