पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

390 पारा, 15 घंटे 8 मिनट का रमजान का पहला जुमा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं

रमजान उल मुबारक महीने के पहले जुमे की नमाज शुक्रवार दोपहर को लोगों ने उत्साह से अदा की। रहमतों के महीने रमजान में शुक्रवार को अकीदतमंदों ने अलसुबह सहरी की और फिर फजर की नमाज अदा की। रमजान के पहले जुमा होने के कारण दोपहर में जुमे की नमाज हुई। लोगों ने रोजा रख कर जुमे की नमाज अदा की। 39 डिग्री तापमान में लोगों ने 15 घंटे 8 मिनट का रमजान का पहला जुम्मा रखा। मुहम्मदी मस्जिद में इमाम मौलाना मोहम्मद इसराइल ने रोजे की फजीलत बताते हुए कहा कि रोजा इंसान को तकवा एवं परहेजगार बनाता है। रोजे का सवाब अल्लाह पाक खुद देंगे। इस माह में इबादतों का सवाब कई गुणा बढ़ा दिया जाता है। अल्लाह की रहमत बरसती है। लोगों को चाहिए कि वे रोजे रख कर पूरे माह रब की खूब इबादत करें।

उन्होंने वालदेन की खिदमत करने, नबी का जिक्र आने पर दरूद शरीफ पढ़ने का आह्वान किया। लोगों ने नमाज के बाद दुआ मांगी। नमाज से शुरू हुआ इबादत का दौर रात को ईशा की नमाज के बाद तराबी तक चला। शाम को काळती हवेली, फूटला बाजार, शहीदान चौक, मदीना मस्जिद, मोहल्ला पीरजादगान, बाकरा मोड़, इमाम नगर, मोयल कॉलोनी, पीपली चौक, मरकज मस्जिद, मोहल्ला चेजारान, अंसारी कालोनी, मोहम्मदी मस्जिद, मोहल्ला पीरजादगान समेत मुस्लिम इलाकों में चहल-पहल रही। इफ्तार व सेहरी के लिए खजूर, तरबूज, सेब, नींबू की खरीदारी हुई।

अकीदतमंदों ने अलसुबह सहरी की फिर फजर की नमाज, दाेपहर में जुमे की नमाज हुई

जुम्मे की नमाज अदा करते अकीदतमंद।

श्रीकृष्ण-रुक्मणि विवाह की झांकी सजाई

जसरापुर | कथा वाचिका श्रीजी लक्ष्मी देवी ने कहा कि गुरु भगवान से भी श्रेष्ठ हैं जो हमें अपने ज्ञान के माध्यम से जीवन जीने की कला सिखाते हैं। मनुष्य को गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती। श्रीकृष्ण नगर बड़ाऊ में काकड़ वाले बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में चल रही भागवत कथा के दौरान देवी-देवताओं की सजीव झांकियां भी सजाई गई। कथा में वृंदावन से मथुरा प्रस्थान, कंस वध, जरासंध से युद्ध, द्वारका का निर्माण, श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह सहित अनेक अध्यायों का वाचन किया। महावीरप्रसाद यादव, श्योराम यादव, मास्टर केशर देव, पालाराम, फूलचंद शर्मा, गोरधन जांगिड़, सुलोचना शर्मा, द्रौपदी शर्मा, मैना जांगिड़, मीनू देव आदि ने कथा का रसपान किया।

मंदिर के वार्षिकोत्सव पर कार्यक्रम आज से

बगड़ | कस्बे के वार्ड 15 बानिया वाली ढाणी स्थित बालाजी मंदिर के वार्षिकोत्सव पर शनिवार से दो दिवसीय कार्यक्रम होंगे। शनिवार रात्री जागरण होगा। जिसमें महेंद्र महाशय व ताऊ एंड ताई पार्टी के कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। रविवार को पूजा अर्चना के बाद सवामणी के प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले शनिवार को शाम सवा छह बजे मंदिर परिसर में विधायक बृजेंद्र ओला का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। ढाणी के लीलाधर सैनी ने बताया कि नागरिकों की ओर से मंदिर परिसर में शाम सवा छह बजे होने वाले विधायक बृजेंद्र ओला नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख सुमन रायल होंगी। अध्यक्षता इज्जेतुल्लाह शाह दरगाह गद्दीनशीन पीर दीन मोहम्मद करेंगे।

बाघोली / चंवरा | मोरिंडा धाम पलटुदास अखाड़ा स्थित पंचमुखी बालाजी धाम में कथा के पहले दिन शुक्रवार को महाराज साईंराम ने कहा कि माता-पिता व गुरु से बढ़कर कोई और दौलत नहीं है। भागवत कथा के समान धरती पर दूसरा कोई ग्रंथ नहीं है। हिरणाकुश, प्रहलाद भक्त, कर्मा बाई आदि की कथा का वर्णन किया गया। संगीतमयी भजनों पर महिलाओं ने नृत्य किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच बिमला मीणा, मीना शर्मा, मन्नी देवी, मक्खनदास, राकेश सैनी, राधेश्याम सैनी, गजराज सिंह, विलास राम, ख्यालीराम, बहादुरमल, राधेश्याम कुमावत आदि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...