भास्कर न्यूज | जाखल/झुंझुनूं
जाखल स्थित सर्व समाज के मोक्ष धाम में कुछ दिन पहले जहां कंटीली झाड़ियां खड़ी थीं, वहां अब ग्रामीणों के सहयोग से हरियाली से आच्छादित स्थल बन गया है। मोक्ष धाम में पौधे लगाए हैं ताकि हरियाली रहे। 8 बीघा के इस मोक्ष धाम में सेठ लादूराम अग्रवाल की ओर से 5 लाख रुपए खर्च कर पूर्व में चारदीवारी का काम करवाया गया था। शेष काम ग्रामीणों और भामाशाहों के सहयोग से पूरा करवाया जिस पर कुल दस लाख रुपए खर्च हुए हैं। यहां नलकूप खुदवा कर पानी की टंकी बनवाई जाएगी। मोक्ष धाम को और बेहतर बनाने के लिए ‘मेरा संकल्प मेरा धाम विकास संस्था’ बनाई गई है। ग्रामीणों ने इसे चित्रकूट वनस्थली मोक्ष धाम नाम दिया है।
अंतिम यात्रा में शामिल होने आने वालों को साफ-सुथरा रास्ता और बैठने के लिए छायादार जगह मिले इसके लिए मुंबई प्रवासी श्याम सुंदर सौंथलिया ने सीमेंट सड़क और एक तिबारे का निर्माण करवाया है। ओमप्रकाश सोनी और महावीर प्रसाद दाधीच सहित अनेक ग्रामीणों ने मोक्ष धाम में पौधे लगाए। मोक्ष संकल्प माेक्ष धाम विकास संस्था इसे और सुंदर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए योजना बनाई गई है। जून-जुलाई में यहां लगातार पौधरोपण कर ग्रीन पार्क विकसित किया जाएगा। लाेगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी। पानी की टंकी का नए सिरे से निर्माण करवाया जाएगा। मोक्ष धाम में पानी की किल्लत न रहे इसके लिए नलकूप खुदवाया जाएगा। यहां शिव मंदिर और स्नानघर बनाए जाएंगे। मोक्ष धाम कार्यसमिति के सदस्य सुरेंद्र पारीक, रतन लाल शर्मा, मामराज खेदड़, मातु राम जांगिड़, रामधन कुमावत, शिवचंद जांगिड़, ओम प्रकाश सोनी, नेमीचंद कुमावत, कामदार मिस्त्री आदि मिल कर चित्रकूट वनस्थली मोक्ष धाम विकास कार्य के लिए लोगों से मिल कर उन्हें सहयोग के लिए प्रेरित करते रहते हैं।
मोक्ष धाम को बेहतर बनाने के लिए ‘मेरा संकल्प मेरा धाम विकास’ संस्था बनाई, भामाशाहों ने भी किया सहयोग
पहले ऐसा था मोक्ष धाम। यहां पर झाड़ियां उगी हुई थी।
अब ग्रामीणों व भामाशाहों के सहयोग से इस तरह का हो गया।