झुंझुनूं | गुढ़ा सीएचसी में प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव से महिला की मौत मामले में डॉ. अनीता का एपीओ निरस्त करने व प्रकरण की जांच कराने की मांग राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ द्वारा की गई है। इस संबंध में चिकित्सकों ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में बताया है कि गुढ़ा सीएचसी पर डॉ. अनिता द्वारा रंजीला मेघवाल का प्रसव कराया था। प्रसव के बाद अधिक रक्त स्राव होने के कारण रंजीला को बीडीके अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। वहां से प्राथमिक उपचार देकर जयपुर रैफर कर दिया गया। रास्ते में रंजीला की मौत हो गई। डॉक्टर्स का कहना है कि बिना किसी जांच के ही डॉ. अनिता को एपीओ कर दिया गया। उन्होंने कलेक्टर से गुहार की है कि डॉ. अनिता का एपीओ निरस्त करते हुए उक्त प्रकरण में विशेषज्ञों से जांच कराई जाए।