एसडीएम को ज्ञापन देते ग्रामीण।
चिड़ावा | एसडीएम देवयानी ने सोमवार को बारी का बास के ग्रामीणों की शिकायत पर झांझोत की सीमा में संचालित अवैध क्रेशर को बंद करवाया। गांव के राकेश चौधरी, योगेंद्र कुमार, मुकेश, नवीन, विकास कुमार, विजयसिंह बराला, एडवोकेट रमेश कटेवा सहित अन्य लोगों ने इस संबंध में एसडीएम को मांगपत्र सौंपा था। इसमें शिकायत की गई कि झांझोत के दो-तीन खातेदारों ने कृषि भूमि का बिना रूपांतरण करवाए उसे श्रीगंगानगर की फर्म को किराए पर दे रखा है। संबंधित फर्म ने उक्त कृषि भूमि पर स्टोन क्रेशर की मशीन लगा रखी है, जिससे उड़ने वाली धूल के कारण नजदीक खेतों में रहने वाले लोग दमे का शिकार हो रहे है। उन्होंने अवैध क्रेशर मशीन की आवाज से बच्चों की पढाई और फसल भी प्रभावित होने की बात कही। इसपर एसडीएम ने गिरदावर और हलका पटवारी को जांच के लिए भेजा। जांच कार्रवाई के दौरान संबंधित स्थान पर क्रेशर मशीन चालू मिलने पर उन्होंने फर्म के प्रबंधक और कर्मचारियों को बिना प्रशासनिक अनुमति के क्रेशर मशीन नहीं चलाने के लिए पुन: पाबंद किया।