राजधारा सर्वे एप का विरोध, आयुष नर्सेज महासंघ ने आंदोलन करने दी चेतावनी
झुंझुनूं | अखिल राजस्थान राज्य आयुष नर्सेज महासंघ ने आयुष विभाग की अोर से हाल ही लांच किए गए राजधारा सर्वे एप में डाटा फीडिंग की जिम्मेदारी विभाग के नर्सेज को देने का विरोध किया है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि सरकार इसके लिए कंप्यूटर ऑपरेटर्स/सूचना सहायकों की भर्ती करे, विभागीय नर्सेज पर यह जिम्मेदारी डाली गई तो वे आंदोलन करेंगे।
अखिल राजस्थान राज्य आयुष नर्सेज महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष छीतरमल सैनी ने बताया कि आयुर्वेद औषधालयों की विभिन्न सूचनाओं को ऑनलाइन करने के मकसद से आयुष विभाग ने राजधारा सर्वे एप तैयार करवाया है। प्रदेशभर में विभागीय चिकित्सा अधिकारियों को वीसी के जरिए इस एप की ऑपरेटिंग (डाटा फीडिंग) के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। लेकिन विभागीय चिकित्सक एसोसिएशन द्वारा इस काम की जिम्मेदारी विभाग के नर्सेज को देने की बात कही जा रही है। इस संबंध में महासंघ प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने बुधवार को मुख्यमंत्री, चिकित्सा मंत्री सहित विभाग के आला अधिकारियों को लिखे पत्र में राजस्थान आयुर्वेद नर्सिंग परिषद अधिनियम-2012 का हवाला देते हुए बताया है कि आयुष नर्सेज के जॉब चार्ट का निर्धारण व नवाचारों को लागू करना या नहीं करना काउंसिल के क्षेत्राधिकार में है।