झुंझुनूं | राजस्थान जाट समाज संस्थान की ओर से विद्याधर नगर (जयपुर) स्थित संस्थान के भवन में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा, खेल, पुलिस, प्रशासन आदि विभिन्न क्षेत्राें में समाज का नाम रोशन करने वाले युवाओं व उनके साथ एक अभिभावक को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इसमें शेखसर निवासी आईएएस तुषार डूडी व अभिभावक के रूप में उनके मामा सुरेश जाखड़ ने भी शिरकत की। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी ने तुषार को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया। उनके मामा सुरेश को भी सम्मानित किया। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समारोह में पूर्व सीनियर आरएएस जस्साराम चौधरी का सम्मान हुआ। चौधरी ने सेवानिवृत्ति पर मिली राशि में से साढ़े सात लाख रुपए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार को भेंट किए हैं।