अवैध शराब बेचने के शक में युवक को पीटा
जींद | शहर के बड़ वाला पीर के पास गए एक युवक को गाड़ी सवार व्यक्तियों ने अवैध शराब बेचने के शक में पीट दिया। उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से उसे रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद कर 15-20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जैन नगर निवासी विक्रांत ने पुलिस में शिकायत दी है कि 12 अप्रैल की शाम को उसका भाई पोरस बड़वाला पीर में गया हुआ था, जिसको वह अपने घर से बुलाने के लिए जा रहा था। रात तकरीबन साढ़े 10 बजे वह बूरेवाला गोदाम के पास पहुंंचा तो प्लाॅटों की तरफ से उसके भाई पोरस के चिल्लाने की चीखने की आवाजें सुनाई दी। वह आवाज सुनकर अपने भाई के पास पहुंचा तो उसने पाया कि उसके भाई को बीबीपुर निवासी शराब के ठेकेदार सोनू उर्फ बांदर, राका व सचिन तथा 15-20 अन्य लोग लाठी, बिंडे आदि से पीट रहे थे। यह देखकर उसने शोर मचाया तो पीर के अंदर से लोग बाहर आ गए, जिन्हें देखकर आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में सोनू, राका व सचिन व अन्य 15-20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।