विधायक ढुल ने की मंडियों के सुधारीकरण की मांग
जींद | जुलाना से इनेलो विधायक परमेंद्र सिंह ढुल ने चंडीगढ़ में हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। इस बीच उन्होंने क्षेत्र में मंडी व्यवस्था और आधारभूत संरचना सुधारीकरण के साथ ही ग्राम सड़क संयोजकर्ता को लेकर बोर्ड के मुख्य प्रशासक अधिकारी मंदीप बराड़ से व्यापक चर्चा की और इसे लेकर सुझाव प्रस्तुत किए। विधायक ढुल ने कहा कि जुलाना की नई व पुरानी मंडी में गंदे पानी की निकासी का प्रबंध नहीं है। अक्सर वर्षा ऋतु और थोड़ी सी ही बारिश में मंडी पानी से भर जाती है तथा अनाज भी खराब हो जाता है। यह किसानों के लिए भी परेशानी का विषय है। इसे लेकर उनकी मांग है कि पानी निकासी व्यवस्था का तुरंत निर्माण शुरू किया जाए। इसी के साथ ही मंडी की वर्तमान सीवरेज प्रणाली को शहर की सीवरेज व्यवस्था के साथ जोड़ा जाए। इन कार्यों के अलावा नई अनाज मंडी जुलाना के फेज तीन में प्लेटफार्म बनाया जाए।