पिस्तौल के बल पर आॅटो चालक से छीनी नकदी
किनाना रेलवे फाटक के पास शुक्रवार देर शाम को बाइक सवार तीन युवकों ने आॅटो चालक को रुकवाकर पिस्तौल के बल पर उससे 3 हजार रुपए की नकदी व मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश किनाना गांव की तरफ भाग गए। बाद में आॅटो चालाक ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने नाकेबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बराड़खेड़ा निवासी बलीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम को वह ऑटो लेकर जींद से अपने गांव बराड़खेड़ा जा रहा था। जब उसने किनाना रेलवे फाटक पार की तो पीछे किनाना की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और अपनी बाइक उसके आॅटो के आगे खड़ाकर रुकवा लिया। एक युवक ने बाइक से उतर कर पिस्तौल तान दी और फिर उससे तीन हजार रुपए व मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में बदमाश घटना को अंजाम देकर किनाना की ओर फरार हो गए।