पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिले के 130 कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर, 5 हजार लोगों के नहीं बने डोमिसाइल व लाइसेंस, सरकार को हुआ 8 लाख का नुकसान

जिले के 130 कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर, 5 हजार लोगों के नहीं बने डोमिसाइल व लाइसेंस, सरकार को हुआ 8 लाख का नुकसान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले के 130 कंप्यूटर ऑपरेटर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कंप्यूटर ऑपरेटरों के हड़ताल पर जाने से जिले के चार ई-दिशा केंद्रों, छह तहसील और आरटीए कार्यालयों में ताले लटके रहे। इसके चलते रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने वाले पांच हजार लोगों को यहां-वहां भटकना पड़ा। वहीं दूसरी ओर कंप्यूटर ऑपरेटर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए पंचकूला स्थित मुख्यालय पहुंच गए हैं।

सरकार ने नागरिकों को दी जाने वाली सुविधाओं में तेजी लाने के लिए ई-दिशा केंद्र स्थापित किए थे। इन ई-दिशा केंद्रों में लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं। जींद में चार ई-दिशा केंद्र बनाए गए हैं। इन ई-दिशा केंद्रों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों में 130 से अधिक कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत हैं। अपनी मांगों को लेकर ये कंप्यूटर ऑपरेटर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते तहसील व जिला स्तर पर कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बिना काम पूरा हुए ही वापस लौटना पड़ा। हड़ताल के चलते सरकार को जहां आठ लाख से अधिक के राजस्व का नुकसान हुआ है वहीं पांच हजार से अधिक लोग इसके चलते प्रभावित हुए हैं। अनिश्चितकालीन हड़ताल होने के कारण लोगों के कार्य अब लंबे समय तक अटके रहने की संभावना बन गई है। गौरतलब है कि दाखिलों के इस दौर में विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए लोग ई-दिशा केंद्रों में आते हैं।

जींद. कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के चलते बंद पड़ा ई-दिशा केंद्र।

यहां हैं ई-दिशा केंद्र

जींद, उचाना, नरवाना, सफीदों, तहसील कार्यालय जींद, उचाना, नरवाना, जुलाना, सफीदों व अलेवा।

ई-दिशा केंद्रों पर सुविधाएं

ड्राइविंग लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन, डोमिसाइल सर्टिफिकेट, कास्ट सर्टिफिकेट, इनकम सर्टिफिकेट, सीएम विंडो, शपथ पत्र, जमीन की रजिस्ट्री, फर्द की कॉपी व इंतकाल की कॉपी।

सुबह से लगे लाइन में, दोपहर तक इंतजार करने के बाद बैरंग लौटे

सोमवार सुबह जींद लघु सचिवालय में ई-दिशा केंद्र के बाहर खिड़कियों में सर्टिफिकेट, लाइसेंस व अन्य कागजात बनवाने आए लोगों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई थी, क्योंकि दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को कार्यदिवस था। खिड़कियों के बाहर नोटिस लगा हुआ था कि कंप्यूटर ऑपरेटर 15 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। फिर भी लोग खिड़की खुलने के इंतजार में आसपास ही डटे रहे। दोपहर बाद जब काफी इंतजार के बाद कुछ हासिल नहीं हुआ तो लौट गए।

सुबह जल्दी आया था

सोचा था कि सुबह जल्दी लाइन में लगकर ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू की फाइल जमा करा दूंगा। लेकिन लघु सचिवालय आने के बाद हड़ताल का पता चला।’-सतनारायण गर्ग, पटियाला चौक।

कंप्यूटर ऑपरेटरों की जो मांगें मानने लायक हैं उन पर विचार किया जाएगा। फिर भी अगर ऑपरेटर वापस नहीं आते हैं तो उनकी जगह दूसरे ऑपरेटर रखे जाएंगे, ताकि लोगों को परेशानी न हो।’-वीरेंद्र सिंह सहरावत, एसडीएम, जींद।

जाति प्रमाण लेने आई थी

पिछले दिनों बेटी का जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए फाइल जमा कराई थी। वही लेने के लिए आई हूं, लेकिन खिड़की में कोई कर्मचारी नहीं बैठा है। अब दोबारा आना पड़ेगा।’-कृष्णा, कंडेला।

नरवाना में भी रहा बंद

नरवाना | कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ हरियाणा की हड़ताल के दौरान नरवाना लघु सचिवालय ई-दिशा केंद्र में कोई कार्य नहीं हो सका। अधिकतर ई-दिशा संबंधी कार्यालय बंद थे तो कुछ कार्यालयों में कर्मचारियों की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। सोमवार को ई-दिशा में फर्द, जमाबंदी, नकल, रजिस्ट्री, जाति प्रमाण पत्र, डोमिसाइल, लाइसेंस, आरसी सहित एक भी कार्य नहीं हो पाया।

खबरें और भी हैं...