वेतन रोकने के विरोध में अध्यापक संघ डीईईओ कार्यालय पर आज देगा धरना
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को अक्षर भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान साधूराम ने की। संचालन जिला सचिव संजीव सिंगला ने किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि डिजिटल सिग्नेचर के नाम पर अध्यापकों का वेतन रोकने के विरोध में सोमवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अप्रैल में सभी को समय पर वेतन की आवश्यकता होती है, लेकिन प्रदेश के लगभग 85000 अध्यापकों को अभी तक मार्च का वेतन नहीं मिला है। इससे प्रदेश के अध्यापकों में भारी रोष है। इस माह सभी को अपने बच्चों के दाखिले करवाने होते हैं उनकी किताबों, काॅपियों व ड्रेस इत्यादि का खर्च होता है। इसके अलावा पूरे साल का अनाज भी खरीदना होता है, लेकिन विभाग के गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण अध्यापकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामफल दलाल ने कहा कि अध्यापक वर्ग सरकार की निजीकरण व कर्मचारी विरोधी नीतियों से परेशान है। उन्होंने मांग की कि सभी प्रकार के भत्ते जनवरी 2016 से तुरंत जारी किए जाएं। पुरानी पेंशन नीति बहाल की जाए तथा एनपीएस सिस्टम बंद किया जाए। राज्य उपप्रधान होशियार सिंह ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को जन शिक्षा के ढांचे को बचाने के लिए नामांकन अभियान में हिस्सा लेने की अपील की। इस मौके पर वेदपाल, होशियार सिंह, सुनेत कुमार, महेंद्र गौतम, ईश्वर डूमरखा, अनिल कुमार, शमशेर कौशिक, रोहताश, रणधीर सिंह, परमात्मा प्रसाद, अमरजीत, रोहताश सरोहा, सुरेंद्र सिंह, रामनिवास, सतीश कुमार व भूपसिंह वर्मा मौजूद रहे।