एसपी से मिले प्रवासी मजदूर, कार्रवाई की मांग
जींद | भट्ठा मालिक द्वारा मजदूरी न देने के विरोध में प्रवासी मजदूरों का लघु सचिवालय के सामने चल रहा धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। उसके बाद मजदूर एसपी डॉ. अरुण नेहरा से मिले। इस पर एसपी ने जांच के लिए डीएसपी पवन कुमार को जांच करने के निर्देश दिए।
यूपी के बांद्रा जिले के गांव भुराने पुरवा निवासी सावित्री देवी, सरस्वती, पुष्पा ने आरोप लगाया कि बीबीपुर गांव स्थित एक भट्ठे के मालिक व मुनीम ने उनको पूरी मजदूरी नहीं दी। जब वे मजदूरी लेने के लिए उनके पास गए तो उन्होंने मजदूरी देने की बजाए महिलाओं व लड़कियों के साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी। जब विरोध किया तो जातिसूचक गाली दी। उन्होंने मांग की है कि उनकी पूरी मजदूरी दिलवाई जाए और छेड़खानी करने व जातिसूचक गालियां देने के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। भट्ठा मालिक उनको प्रवासी समझकर उनकी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। यदि जल्द ही पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे आत्महत्या करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर सोनू, सुधीर शास्त्री, पुष्पेंद्र, शंकर, विपरपाल किनाना, गौतम, सरोज मौजूद रहे।