नोटिस पर 62 हजार बैगों का उठान
उचाना | अनाज मंडी में कुछ दिनों से गेहूं की लिफ्टिंग की गति धीमी होने से किसानों और आढ़तियों को परेशानी हो रही थी। मार्केट कमेटी के सचिव ने सोमवार को संबंधित एजेंसियों को खरीद के हिसाब से लिफ्टिंग न होने को लेकर नोटिस जारी कर इसका कारण पूछा। इसके बाद मंडियों में लिफ्टिंग की रफ्तार में तेजी आ गई। सोमवार को अब तक की सबसे अधिक 69 हजार बैगों की लिफ्टिंग हुई।
मार्केट कमेटी सचिव जोगिंद्र सिंह ने बताया कि खरीद के 72 घंटे के बाद उठान खरीद के हिसाब से न होने पर हैफेड, फूड एंड सप्लाई, वेयर हाउस को नोटिस जारी कर उठान न होने का कारण पूछा गया। खरीद के 72 घंटे के बाद उठान की व्यवस्था एजेंसियों को करना होगा।
बीते गेहूं के सीजन में तत्कालीन डीसी विनय कुमार खुद मंडियों में पहुंच कर गेहूं की आवक, उठान को लेकर जानकारी लेते थे। सीजन के दौरान उनके मंडियों में दौरों से उठान के कार्य में काफी तेजी होती थी। बीते सीजन में गेहूं शुरुआत से ही लिफ्टिंग तेज होने से फसल के सीजन में उठान तेजी से रहा। आढ़तियों ने कहा कि जिस तरह से बीते सीजन में डीसी जींद मंडियों में दौरे करते थे उसी तरह डीसी अमित खत्री भी मंडियों में पहुंच कर उठान, आवक को लेकर जानकारी लें।