‘खंड स्तर पर लगवाए जाएंगे अंत्योदय मेले’
जींद | डीसी अमित खत्री ने मंगलवार को बताया कि अंत्योदय सेवा केन्द्र के माध्यम से लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेना शुरू कर दिया है। हर रोज 10 से 20 व्यक्ति विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। केन्द्र में बैठे कर्मी आवेदनकर्ता से पूछ कर उसे उसकी आवश्यकता अनुसार योजनाओं के बारे में जानकारी देते हैं। डीसी ने बताया कि खंड स्तर पर अंत्योदय मेले भी लगवाएं जाएंगें। इन मेलों में सभी विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि अंत्योदय सेवा केन्द्र में पर्याप्त कर्मियों की नियुक्ति भी की गई है। हेल्प डेस्क पर जिला समाज कल्याण विभाग के इनवेस्टीगेटर देवेन्द्र लाठर व कल्याण विभाग से अधीक्षक आजाद सिंह को नियुक्त किया गया है।