- Hindi News
- National
- कंप्यूटर ऑपरेटरों ने दूसरे दिन भी की हड़ताल तहसील और ई दिशा केंद्र पर नहीं हुए काम
कंप्यूटर ऑपरेटरों ने दूसरे दिन भी की हड़ताल तहसील और ई-दिशा केंद्र पर नहीं हुए काम
जिले भर के कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। सरकारी विभागों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर पूर्णरूप से हड़ताल पर रहे। इसके कारण कामकाज में बाधा रही और आमजन के काम नहीं हो सके। ई-दिशा केंद्र सहित तहसील कार्यालय के काउंटर खाली रहे और कोई भी कर्मचारी सीटों पर नजर नहीं आया।
कंप्यूटर ऑपरेटर पिछले दो दिन से डीसी कार्यालय, सरकारी विभागों, बोर्ड, राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों के सभी कंप्यूटर प्रोफेशनल को नियमित करने, समान कार्य वेतन दिया जाने, जिला आईटी सोसायटी में लगे कंप्यूटर प्रोफेशनल को लिपिक के पद पर समायोजित करने, कई वर्षों से कार्यरत कंप्यूटर प्रोफेशनल्स को प्रदेश सरकार को पार्ट-1 व दो को खत्म करते हुए सभी विभागों के पद सर्जित करते हुए नियमित करने, राजस्व विभाग में कार्य करने वाले सभी को समायोजित करने की मांग कर रहे हैं और अधिकतर सभी कर्मचारी पंचकूला में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। हड़ताल के कारण जिला की ई-दिशा केंद्रों में दस्तावेजों, सर्टिफिकेट व लाइसेंस व राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज अटक गए। हड़ताल के चलते मंगलवार को आमजन कम ही नजर आया, लेकिन जिन लोगों को काम थे, वह अपने काम कराने के लिए पहुंचे, लेकिन हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। शहर वासी हरीश, सुंदर ने बताया कि वह डोमिसाइल बनवाने के लिए आए थे, लेकिन पता चला कि दो दिन से हड़ताल चल रही है, जिस कारण उनका काम नहीं हो सका। यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि हड़ताल कब खत्म होगी।
जींद. हड़ताल के चलते सुनसान पड़ा ई-दिशा केंद्र। नहीं बन रहे लोगों के डोमिसाइल व लाइसेंस।