सफाई कर्मचारी यूनियन व अग्निशमन कर्मियों की हड़ताल नगर परिषद कार्यालय के सामने 13वें दिन भी जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता अग्निशमन कर्मचारी बलजीत सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हड़ताल को 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार व प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली है। इससे कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार का यही रवैया रहा तो सभी विभागों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आएंगे।
जिला प्रधान आजाद पांचाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की कोई सुनवाई नहीं करना चाहती, समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा खत्म करना, विभागों में पक्की भर्तियां करने जैसी मांगों को पूरा करने में टालमटोल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की कोठी पर कोई आंदोलनकारी जाते हैं तो वहां पर कोई ज्ञापन तक लेने को तैयार नहीं होता है। मंत्री को सूचना होने पर भी वो वहां पर नहीं मिलते हैं।
जींद. नगर परिषद के सामने हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मी। फोटो | भास्कर
मांगों को लेकर भड़के सफाई कर्मचारी, मंत्री का पुतला जलाया
भास्कर न्यूज | सफीदों
सफाई कर्मचारी यूनियन के साथ अब सर्व कर्मचारी संघ भी हड़ताल में शामिल हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने अब अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है। 13वें दिन सफाई कर्मचारियों के साथ बिजली निगम, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार दोपहर बाद पालिका से अग्रसेन चौक तक मंत्री कविता जैन की शव यात्रा निकाल पुतला जलाया गया।
कर्मचारियों ने कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छ भारत और दलितों के घर खाना खाने का ढोंग रचा जा रहा है, जबकि इस समाज की दयनीय हालत पर कोई तरस नहीं खा रहा है। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं की तो इस आंदोलन को विराट रूप दिया जा सकता है। इस मौके पर राजेश पारचा, अजय पारचा, राजेंद्र लड्डू, रजत कुमार, विजय पारचा, अजय कुमार, निर्मला आर्या, शीला देवी, संतोष देवी व बलवान वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।