शहर में बदहाल हो रही सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सोमवार को सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों व नगरपरिषद के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसकी अध्यक्षता एसडीएम वीरेंद्र सहरावत ने की। इसमें सेव संस्था, अन्ना टीम, पालिका बाजार एसोसिएशन, स्वर्णकार संघ, मेन बाजार एसोसिएशन समेत कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि रात के समय शहर के सभी कूड़ा कलेक्शन सेंटरों से कूड़ा उठाया जाएगा। इस दौरान पुलिस की पर्याप्त संख्या भी मौके पर तैनात रहेगी। वहीं, शहर की सफाई के लिए नए कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए डीसी अमित खत्री ने मंजूरी दे दी है और अगले एक-दो दिन में नए कर्मचारी भर्ती किए जाएंगे।
सफाई के लिए वे दिन व रात को भी तैयार
बैठक में शामिल सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने एसडीएम वीरेंद्र सहरावत को आश्वासन दिया कि शहर की सफाई के लिए दिन के साथ-साथ रात को भी प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं। वे शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल नहीं होने देंगे। इसकी एसडीएम ने सराहना की और कहा कि सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ मिलकर शहर की सफाई को लेकर निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
रात को चलेगा कूड़ा उठाने का अभियान, पुलिस रहेगी साथ
जींद. सामाजिक संगठनों के सदस्यों के साथ मीटिंग करते एसडीएम वीरेंद्र सहरावत। फोटो | भास्कर
विरोध करने वाले से निपटेंगे सख्ती से
एसडीएम वीरेंद्र सहरावत का कहना है कि हर शहरवासी का अपने शहर को स्वच्छ रखने का फर्ज है। सामाजिक संस्थाएं और प्रशासन शहर की सफाई को लेकर गंभीर हैं। इसके तहत पहले कलेक्शन सेंटरों से कूड़ा उठाया जाएगा। इस दौरान पुलिस की भी साथ में मौजूदगी रहेगी। यदि किसी ने इस दौरान विरोध किया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।