जींद. हडवारा हटवाने की मांग को लेकर रोष प्रकट करते कॉलोनीवासी। फोटो | भास्कर
जींद | हडवारा हटाने के लिए हांसी रोड पर धरना दे रहे आंदोलनकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के जींद में प्रस्तावित 26 मई के रोड शो की घेराबंदी की तैयारी करनी शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने 10 हजार लोगों को सड़कों पर जुटने की योजना बनाई है। इस दौरान हडवारा हटाओ संघर्ष समिति के प्रधान राजा सैनी और नरेंद्र दलाल ने कहा कि उनका आंदोलन किसी एक व्यक्ति विशेष के लिए नहीं है।
यह आसपास के गांव और कॉलोनियों में बसने वाले हजारों लोगों की जिंदगी से जुड़ा हुआ है। इसलिए उनका आंदोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक यहां से हडवारा स्थाई तौर से हटवाया नहीं जाता। सैनी और दलाल ने कहा कि कुछ लोग भूमाफिया के मार्फत हडवारे के नजदीक किसानों की बेशकीमती जमीन को कौड़ियों के भाव खरीदना चाहते हैं। मुख्यमंत्री की शराफत का कुछ पार्टी के लोग फायदा उठा रहे हैं। वे मुख्यमंत्री के रोड शो का मृत पशुओं से स्वागत करने के लिए मजबूर हुए हैं। धरने को समर्थन देने के लिए पहुंचे गोरक्षा दल हरियाणा के अध्यक्ष आचार्य योगेंद्र, कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री किरण सैनी, सब्जी मंडी के पूर्व प्रधान सुरेश सैनी, नगर परिषद के पूर्व प्रधान एवं पार्षद विनोद आसरी, पार्षद प्रवीन बैनीवाल, पार्षद रणधीर राणा समेत प्रेमचंद, प्रवीन गर्ग, सतपाल संगतपुरा, रामपाल सैनी, नरेंद्र ने कहा कि 26 मई के विरोध प्रदर्शन में भी वे बढ़चढ़कर भाग लेंगे। किरण सैनी ने कहा कि इस हडवारे के कारण उनके सरस्वती खादी ग्रामोद्योग आश्रम में महिलाएं ठीक से काम नहीं कर पातीं। 26 के विरोध प्रदर्शन में महिला शक्ति भी पूरा दम दिखाएंगी। इस मौके पर सुनीता, शीला, सुदेश, बबली, प्रेमो, भतेरी, मुकेश, सावित्री मौजूद रहीं।