26 मई को शहर में होने वाले मुख्यमंत्री के रोड शो का रूट मैप पूरी तरह से तैयार हो गया है। रेलवे बारात घर से शुरू होकर रोड शो नगर परिषद के सामने स्थित टाउन हाल में समापन होगा। इस दौरान 40 से अधिक जगहों पर मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम हैं।
यमुनानगर, फरीदाबाद, रोहतक, कुरुक्षेत्र व हिसार के बाद जींद में सीएम का यह छठा रोड शो होगा। सियासी मामलों में भी यह रोड शो काफी महत्वपूर्ण है। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से भाजपा की एकमात्र विधायक उचाना से प्रेमलता हैं। तीन पर इनेलो का कब्जा है, जबकि एक सफीदों से निर्दलीय विधायक जसबीर देशवाल हैं।
वर्ष 2018 की बात करें तो जनवरी से लेकर मई तक मुख्यमंत्री मनोहरलाल का जींद में यह पांचवां दौरा होगा। सीएम ने 20 जनवरी को हुडा ग्राउंड में जनसभा का आयोजन कर 155 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया था। इसके बाद 15 फरवरी को अमित शाह की युवा हुंकार रैली का आयोजन कर जींद में भाजपा का जनाधार बढ़ाने का प्रयास किया था। उसके बाद उचाना के खरकभूरा व 20 मई को सफीदों में रैली के माध्यम से भी जिले के लोगों के दिलों में घर बनाने का प्रयास किया जा चुका है।
एससी-बीसी, बनिया और पंजाबी पर फोकस
सीएम के इस चार किलोमीटर के रोड शो में 70 प्रतिशत आबादी कवर करने का प्रयास किया गया है। विशेष बात यह है कि रोड शो के लिए जो रूट मैप तय किया गया है वहां पर एससी, बीसी, बनिया व पंजाबी समुदाय का अच्छा-खासा असर है। रेलवे बारात घर जहां एससी समुदाय के सबसे अधिक लोग रहते हैं वहां से आज तक कोई राजनीतिक कार्यक्रम की शुरूआत नहीं हुई है। भाजपा प्रदेश सचिव जवाहर सैनी का कहना है कि सीएम के रोड शो का रूट मैप तैयार हो गया है। रोड शो रेलवे बारात घर से शुरू होकर टाउन हाल पर समाप्त होगा। इस दौरान 40 जगहों पर सीएम का स्वागत किए जाने की योजना है।
यहां से गुजरेगा रोड शो
क्षेत्र समुदाय
रेलवे बारात घर एससी
पटियाला चौक बीसी-एससी पंजाबी
पुरानी सब्जी मंडी चौक बीसी-बनिया पंजाबी
झांझ गेट पंजाबी, बनिया बीसी-एससी
पंजाबी बाजार पंजाबी
तांगा चौक पंजाबी
मेन बाजार बनिया, बीसी
पालिका बाजार बनिया-पंजाबी एससी-बीसी
टाउन हाल बनिया