पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 50.60% विद्यार्थी पास, पिछले साल से पॉइंट 31% ज्यादा, बेटियां इस बार भी बेटों से आगे

50.60% विद्यार्थी पास, पिछले साल से पॉइंट 31% ज्यादा, बेटियां इस बार भी बेटों से आगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से सोमवार शाम को मैट्रिक का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस बार जिले में 50.60 प्रतिशत विद्यार्थी दसवीं की परीक्षा में पास हुए। हालांकि यह पिछले साल से पॉइंट 31 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले साल जिले का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 50.29 प्रतिशत रहा था। जिले में इस बार कुल 24 हजार 466 विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। इसमें 12 हजार 379 विद्यार्थी पास हुए। इसमें लड़कों की पास प्रतिशतता 48.74 रही। जबकि लड़कियों की पास प्रतिशतता 52. 57 रही। यानि लड़कों के मुकाबले इस बार जिले में करीब 4 प्रतिशत ज्यादा बेटियों ने दसवीं की परीक्षा पास की।

मैट्रिक परीक्षा परिणाम की सबसे अच्छी बात यह रही कि बारहवीं कक्षा की तरह दसवीं कक्षा में भी जिले के तीन विद्यार्थियों ने अच्छे अंक हासिल कर बोर्ड द्वारा जारी की गई टॉप टेन सूची में स्थान पाया। इसमें जींद शहर के नव दुर्गा सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र कार्तिक ने प्रदेश में सबसे ज्यादा 498 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि कन्या गुरुकुल गेंडाखेड़ा की छात्रा तनूजा व किलाजफरगढ़ गांव के एमसीएम स्कूल की छात्रा प्रिया ने टॉपटेन सूची में संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया।

प्रदेश में जिले का आठवां स्थान : जींद जिले ने दसवीं कक्षा के रिजल्ट के मामले में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। प्रदेश का ओवरआॅल बोर्ड का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 49.73 प्रतिशत रहा, जबकि जींद जिला 50.60 प्रतिशत के साथ आठवें स्थान पर रहा।

कार्तिक- तीन विषयों में हासिल किए शत-प्रतिशत अंक

नव दुर्गा सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र कार्तिक ने प्रदेश में सबसे ज्यादा 498/500 अंक हासिल किए हैं। इस दौरान कार्तिक ने तीन विषयों में मैथ, साइंस व संस्कृत में शत प्रतिशत अंक हासिल किए। जबकि हिंदी में 99, इंग्लिश में 99 अंक हासिल किए। कार्तिक का लक्ष्य आईएएस बनने का है। कार्तिक का कहना है कि उसने अच्छे अंक हासिल करने के लिए कोई कोचिंग नहीं ली। सिर्फ क्लास में जो टीचर पढ़ाते थे उसकी अच्छे से तैयारी की।

तनूजा- 490 अंक टीचर को दिया श्रेय

कन्या गुरुकुल गेंडाखेड़ा की छात्रा तनूजा ने बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 500 में से 490 अंक हासिल किए हैं। तनूजा ने बोर्ड की टॉप टेन सूची में सातवां स्थान हासिल किया। उनके पिता प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते और मां गृहिणी हैं। तनूजा का कहना है कि उनके टीचर ने उनकी सभी सबजेक्ट की अच्छे से तैयारी करवाई। इसी की बदौलत व इतने अंक हासिल कर पाई। जो स्कूल में टीचर पढ़ाते थे उसे वह घर आकर रिवाइज करती थी। इसी कारण उसकी अच्छी तैयारी हो पाई।

प्रिया- 490 अंक ट्यूशन नहीं लगाया

किलाजफरगढ़ गांव के एमसीएम स्कूल में पढ़ने वाली बूढ़ाखेड़ा लाठर गावं की बेटी प्रिया ने 500 में से 490 अंक हासिल कर अन्य विद्यार्थियों के साथ संयुक्त रूप से बोर्ड की टॉप टेन सूची में सातवां स्थान हासिल किया है। प्रिया के पिता किसान हैं और अपनी खुद की लगन की बदौलत ही उसने यह सफलता हासिल की है। प्रिया की इस सफलता पर परिवार व गांव में खुशी का माहौल है। कोई ट्यूशन नहीं लगाया। सिर्फ जो टीचर ने स्कूल में पढ़ाया उसी को अच्छे से समझा।

जिले में कुल विद्यार्थियों में से कितने हुए पास

कुल छात्र पास हुए पास %

24466 12379 50.60

लड़कों का ये रहा परीक्षा परिणाम

12609 6146 48.74

लड़कियों का ये रहा परीक्षा परिणाम

11857 6233 52.57

पिछले साल से बेहतर

इस बार बोर्ड की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम पिछले साल से बेहतर रहा है। जिले के लिए खुशी की सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश में प्रथम स्थान शहर के एक छात्र ने किया है। इसके अलावा दो छात्राएं भी टॉप टेन सूची में जगह बना पाई। - विजयलक्ष्मी, जिला शिक्षा अधिकारी

खबरें और भी हैं...