कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणदीप सुरजेवाला ने ऐलान किया कि प्रदेश में यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो कंडेला के ऐतिहासिक चबूतरे तक सत्ता लाएंगे। रविवार देर रात वे कंडेला खाप के संयोजन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता वरिष्ठ नेता सुधीर गौतम ने की। उन्होंने चौटाला शासन की याद दिलाते हुए कहा कि किस तरह से निहत्थे ग्रामीणों पर गोलियों बरसाकर यहां की जमीन को लाल कर दिया गया था। जिस भी शासक ने जनता विशेषकर किसान से ज्यादती की उसे राजनीतिक खामियाजा भुगतना
पड़ा है। भाजपाई सरकारों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग का समर्थन और विश्वास खो चुकी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को उन्होंने भ्रष्टाचार का अड्डा बताया। आज जब भी मंडी में कोई फसल आने का समय होता है तो केंद्र की मोदी सरकार उसी फसल का विदेशों से निर्यात खोल देती है, ताकि किसान की फसल औने-पौने दामों में बिके।
जींद. कंडेला गांव में जनसभा को संबोधित करते कांग्रेस मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला।
सरकार ने फसल बीमा योजना के नाम पर कमाए 20 हजार करोड़
सुरजेवाला ने कहा कि गांवों व खेतों में पांच घंटे मुश्किल से बिजली दी जा रही है। सरकार ने फसल बीमा योजना के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपए एकत्र किया गया, जबकि किसान को 6000 करोड़ रुपए ही मिले। सीएम मनोहरलाल अब तक के सबसे कमजोर सीएम साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि दो से ढाई एकड़ तक के किसानों के 50 हजार से एक लाख रुपए तक के कर्ज को वे माफ कराएंगे। प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को हर माह 25 किलो राशन देने की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, किसान खेत मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह फोगाट, हरियाणा कृषक समाज के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर नैन दनौदा, पूर्व विधायक फूलसिंह खेड़ी, सुधीर गौत्तम, टेकराम कंडेला, प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र बूरा, संजीव भारद्वाज, सुधा भारद्वाज, संदीप सांगवान, प्रो. महेंद्र नैन, वीरेंद्र जागलान, शालू गर्ग, वजीर ढांडा, दिनेश मिन्नी, मुकेश चहल, रणदीप सहारण, सुशील शर्मा एडवोकेट, सुमेर पहलवान मौजूद रहे।