जींद | रजाना कलां के पास कैंटर से युवक को कुचलने के मामले में पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पानीपत के मतलौडा के धर्मगढ़ गांव निवासी शेर सिंह ने पुलिस शिकायत में बताया कि उसका लड़का सुरजीत मजदूरी करता था और अकसर धर्मगढ़ गांव निवासी जयभगवान की कैंटर पर काम पर चला जाता था। 2 मई को जयभगवान अपने कैंटर में रिफाइनरी पानीपत से तेल भरकर भिवानी के लिए गया था। वह उसके लड़के सुरजीत को भी अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि उस दिन जामनी के पेट्रोल पंप के पास उसका लड़का शौच के लिए उतरा था। जब वह वापस कैंटर में चढ़ने लगा तो कैंटर चालक जयभगवान ने कैंटर को तेज गति से चला दिया, जिससे उसका लड़का कैंटर से नीचे गिरा और कैंटर का पहिया उसके लड़के पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।